सर्दियों में कैसे उगाएं सब्जियां? ऋषिकेश के गार्डनर ने बताई धांसू ट्रिक
Last Updated:
How to grow vegetables in winter : क्या आप भी इस बार सर्दियों में घर पर ही सब्जियां उगाना चाहते हैं. इससे आपको घर पर ही ताजी सब्जियां मिल जाएंगी. पैसे और समय दोनों की बचत भी होगी. सब्जियां कहां उगाएं, इस बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. घर की छत, बालकनी या कुछ गमलों में भी कई तरह की सब्जियां उगाई जा सकती हैं. लोकल 18 से ऋषिकेश के गार्डनर राम सागर बताते हैं कि सर्दियों के दौरान टमाटर, ब्रोकली, बंद गोभी, फूल गोभी, मूली और बैंगन को आसानी से उगाया जा सकता है. थोड़ी सी देखभाल से आप घर बैठे ऑर्गेनिक सब्जियों का आनंद ले सकते हैं.
ऋषिकेश. सर्दी शुरू होते ही सब्जियों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अगर घर पर ही ताजी सब्जियां मिल जाएं, तो पैसे और समय दोनों की बचत हो सकती है. इसके लिए आपको बड़े बगीचे या ज्यादा जगह की जरूरत नहीं है. घर की छत, बालकनी या कुछ गमलों में भी कई तरह की सब्जियां उगाई जा सकती हैं. बस सही बीज, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल की जरूरत पड़ेगी. लोकल 18 से ऋषिकेश के गार्डनर राम सागर बताते हैं कि सर्दियों के दौरान टमाटर, ब्रोकली, बंद गोभी, फूल गोभी, बैंगन, पार्सले, लेट्यूस, रोजमेरी और ऑरेगैनो जैसी सब्जियों और जड़ी-बूटियों को आसानी से उगाया जा सकता है. थोड़ी सी देखभाल के साथ आप घर बैठे ऑर्गेनिक सब्जियों का आनंद ले सकते हैं. ये स्वाद में तो अच्छी होती ही हैं, सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं.
किसके लिए कौन सा गमला सही
गार्डनर राम सागर बताते हैं कि अगर आप घर पर ये सब्जियां उगाना चाहते हैं तो सबसे जरूरी है सही मिट्टी का चयन. पौधों की अच्छी बढ़त के लिए भुरभुरी और उपजाऊ मिट्टी का इस्तेमाल करें. मिट्टी में वर्मी कम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद मिलाएं. ऐसा करने से पौधों को जरूरी पोषण मिलेगा. जिस गमले में आप सब्जी लगा रहे हैं, उसमें छेद जरूर होना चाहिए, ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके और जड़ें खराब न हों. अच्छी क्वालिटी का बीज इस्तेमाल करें और बोने से पहले यह देख लें कि उन्हें कितनी गहराई में लगाना है. टमाटर, पार्सले जैसे बीजों को गमले या ट्रे में बोया जा सकता है. गाजर, ब्रोकोली, बंद गोभी, फूल गोभी और बैंगन के लिए थोड़ा गहरा गमला चुनें, ताकि उसकी जड़ को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिले. बीजों के बीच उचित दूरी रखें, जिससे पौधों को फैलने में परेशानी न हो.
कब डालें पानी
गार्डनर राम सागर कहते हैं कि इन पौधों के लिए धूप बहुत जरूरी है. पौधों को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त धूप आती हो. इससे पौधों की पैदावार जल्दी होगी. मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए समय-समय पर पानी डालें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. ऐसा करने से जड़ें खराब हो सकती हैं. पानी देने से पहले मिट्टी की ऊपरी सतह जांच लें. अगर मिट्टी पहले से गीली है, तो पानी देने से बचें.