Last Updated:
Vande Bharat Sleeper Train : लंबी दूरी और रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लॉन्च करने जा रहा है. इस नए मॉडल में एक इन-बिल्ट पेंट्री कार जोड़ी जा रही है. आईसीएफ के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर के अन्य मॉडल्स में यह सुविधा नहीं थी.
साल 2027 में 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर पटरियों पर नजर आ सकती है.
नई दिल्ली. भारतीय रेलवे अब रात के सफर को पूरी तरह से लग्जरी और आरामदायक बनाने की तैयारी में है. 16 कोच वाली वंदे भारत तैयार करने के बाद अब रेलवे 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटरियों पर उतारने की तैयारी में है. चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) इसे बना रही है. यह देश की सबसे लंबी स्लीपर ट्रेनों में से एक होगी. नई वंदे भारत न केवल लंबी होगी, बल्कि इसमें यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मिलेंगी. 24 कोच वाले इस नए स्लीपर ट्रेनसेट के डिजाइन को अगले एक महीने के भीतर अंतिम रूप दे दिया जाएगा. रेलवे ने इसे जून 2027 तक ट्रैक पर उतारने का लक्ष्य रखा है. चेन्नई की ICF को ऐसे 50 ट्रेनसेट बनाने का जिम्मा सौंपा गया है.
24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में फ्लाइट की तर्ज पर बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स लगाए जाएंगे. इसके अलावा, एसी फर्स्ट क्लास के यात्रियों के लिए गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी मिलेगी. दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष शौचालय तैयार किए जाएंगे तो बच्चों की देखभाल के लिए बेबी-केयर स्टेशन भी इसमें होगा.
गरमा-गरम खाना मिलेगा सीधे बर्थ पर
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, लंबी दूरी और रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखते हुए 24 कोच वाले इस नए मॉडल में एक इन-बिल्ट पेंट्री कार जोड़ी जा रही है. आईसीएफ के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर के अन्य मॉडल्स में यह सुविधा नहीं थी, लेकिन इस बड़े वर्जन में पेंट्री कार होने से यात्रियों को सीधे ट्रेन के अंदर ही गरमा-गरम खाना परोसने की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही कोचों में शौचालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है.
यूरोपियन स्टाइल बर्थ और ऑटोमैटिक दरवाजे
यूरोपीय ट्रेनों के डिजाइन से प्रेरित होकर इसमें आरामदायक और गद्देदार बर्थ दी गई हैं. ऊपर की बर्थ पर आसानी से चढ़ने के लिए सीढ़ियों के डिजाइन को नया रूप दिया गया है. कोचों के बीच आवाजाही के लिए ऑटोमैटिक इंटरकनेक्टिंग दरवाजे और पूरी तरह सीलबंद पैसेज बनाए गए हैं, जिससे अंदर का तापमान नियंत्रित रहेगा और बाहर की धूल या शोर अंदर नहीं आएगा. हर सीट पर पर्सनल रीडिंग लाइट, चार्जिंग पॉइंट और फोल्डेबल टेबल जैसी सुविधाएं मिलेंगी.