Gyanesh Kumar Education, Biography: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस वक्त विवाद के केंद्र में हैं. उन्होंने 19 फरवरी, 2025 को भारत के 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था. 1988 बैच के IAS अधिकारी ज्ञानेश कुमार आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र भी हैं. उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से लेकर देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में से एक तक का उनका शैक्षणिक सफर इस बात की झलक देता है कि किस तरह उनकी शिक्षा ने एक ऐसे करियर की नींव रखी, जिसने आगे चलकर नौकरशाही और सरकारी कामकाज को प्रभावित किया.
साल 1964 में जन्मे ज्ञानेश कुमार यूपी के आगरा के रहने वाले हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई यूपी में ही हुई. उन्होंने गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर में पढ़ाई की.
यूपी बोर्ड परीक्षा टॉपर
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, ज्ञानेश कुमार ने 1979 में यूपी बोर्ड 10वीं परीक्षा और 1981 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया था. अगस्त 2026 में अपने पूर्व शिक्षण संस्थान, कोल्विन तालुकदार कॉलेज के दौरे के दौरान कुमार ने लखनऊ को अपनी ‘तपोभूमि’ बताया. यह वह स्थान है, जहां उन्होंने शिक्षा और समर्पण के साथ अपने जीवन की नींव रखी.
आईआईटी कानपुर से बीटेक
लखनऊ के बाद ज्ञानेश कुमार आईआईटी कानपुर पहुंचे. जहां से उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. संस्थान की आधिकारिक पूर्व छात्र प्रोफाइल में उनका नाम 1985 बैच के बीटेक सिविल इंजीनियरिंग (BT/CE) विद्यार्थियों में दर्ज है. उन्होंने 1985 में बैचलर डिग्री लेने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी.
हार्वर्ड से भी की पढ़ाई
ज्ञानेश कुमार की पढ़ाई आईआईटी कानपुर तक ही समित नहीं रही है. IIT कानपुर की ऑफिशियल प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने भारत में ICFAI से बिजनेस फाइनेंस और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के हार्वर्ड इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (HIID) से एनवायरमेंट इकोनॉमिक्स की भी पढ़ाई की.
ज्ञानेश कुमार 1988 बैच, केरल कैडर के अधिकारी हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने केरल में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किए. जिसमें कोचीन नगर निगम आयुक्त, केरल स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक, एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर, गोश्री आइलैंड्स डेवलपमेंट अथॉरिटी के सचिव और त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रबंध निदेशक जैसे पद शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने नई दिल्ली में केरल हाउस के रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में भी सेवाएं दीं.
केंद्र सरकार में लंबी सेवा
ज्ञानेश कुमार ने केरल के साथ केंद्र सरकार में भी कई अहम पदों पर सेवाएं दी हैं. गृह मंत्रालय में, जहां उन्होंने संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव के तौर पर काम किया, उनका कार्यकाल जम्मू-कश्मीर और अयोध्या से जुड़े अहम घटनाक्रमों के दौरान रहा. 31 जनवरी, 2024 को सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद, कुमार को 15 मार्च, 2024 को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया. इस भूमिका में उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान काम किया. 19 फरवरी, 2025 को उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभाला और इस पद पर आने वाले 26वें व्यक्ति बने.