Churu News: ‘ड्रेगन टाइगर’ ऑनलाइन गेम में मुनाफा कमाकर झांसे में लिया, युवक से हड़पे 4.67 लाख रुपये; आईडी ब्लॉक


Last Updated:

Churu Cyber Crime News: चूरू में ‘ड्रेगन टाइगर’ ऑनलाइन गेम के नाम पर 24 वर्षीय सीताराम जाट से 4 लाख 67 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने पहले पीड़ित को गेम में रुपये जितवाकर भरोसे में लिया और फिर पंजाब नेशनल बैंक व एयू बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे जमा करवाए. 4.67 लाख रुपये जमा होते ही पीड़ित की आईडी ब्लॉक कर दी गई. पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

Churu Cyber Crime: 'ड्रेगन टाइगर' ऑनलाइन गेम के नाम पर युवक से 4.67 लाख की ठगीZoom

Churu Cyber Crime News: ‘ड्रेगन टाइगर’ ऑनलाइन गेम के नाम पर युवक से 4.67 लाख की ठगी

चूरू: राजस्थान के चूरू जिले में साइबर अपराधियों का एक नया और खतरनाक पैंतरा सामने आया है. सोशल मीडिया के माध्यम से कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगों ने एक युवक को अपनी ठगी का शिकार बना लिया. छापर थाना क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय सीताराम जाट को आरोपियों ने ‘ड्रेगन टाइगर’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए जाल में फंसाया. शुरुआती दौर में ठगों ने युवक को भरोसा दिलाने के लिए ऑनलाइन गेम में कुछ छोटी रकमें जितवाईं. जब पीड़ित का विश्वास पूरी तरह कायम हो गया, तो उससे बड़ी रकम दांव पर लगवाने का खेल शुरू कर दिया गया.

साइबर ठगों के झांसे में आकर पीड़ित सीताराम ने अधिक कमाई के चक्कर में लगातार पैसे जमा कराना शुरू कर दिया. पीड़ित युवक ने बीते 18 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच कई किस्तों में बड़ी राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की. उसने अपने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Bank) के निजी खातों के जरिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन करके कुल 4 लाख 67 हजार 400 रुपये आरोपियों द्वारा दिए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए. पीड़ित को लगा कि उसका मुनाफा बढ़ रहा है और वह बाद में सारा पैसा एक साथ निकाल लेगा.

4.67 लाख रुपये जमा होते ही ठगों ने ब्लॉक की यूजर आईडी
जब पीड़ित युवक ने जमा की गई अपनी 4 लाख 67 हजार रुपये की कुल राशि और उससे जीता हुआ पैसा वापस निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसकी यूजर आईडी को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया. आईडी ब्लॉक होते ही जब संपर्क के सभी रास्ते बंद हो गए, तब पीड़ित को अहसास हुआ कि वह किसी संगठित साइबर गिरोह की ठगी का शिकार बन चुका है. पीड़ित ने बिना देरी किए तुरंत नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई और मदद की गुहार लगाई.

साइबर थाने में मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना के संबंध में पीड़ित सीताराम जाट ने चूरू के साइबर थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच साइबर थानाधिकारी (आरपीएस) विजय कुमार द्वारा की जा रही है. पुलिस की तकनीकी टीम अब उन बैंक खातों और यूपीआई आईडी की गहन जांच कर रही है, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी.



Source link