Last Updated:
Former MLA Atar Singh Bhadana Murder Case: भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र स्थित रायपुर भौंडा गांव में क्रेशर और लीज विवाद को लेकर भारी बवाल हुआ. पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने घटनास्थल का दौरा किया, जहां FSL और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए. वारदात के बाद हमलावर घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं और पूरा गांव खाली पड़ा है. हमलावरों द्वारा पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के कार्यालय में तोड़फोड़ करने का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
भरतपुर के रायपुर भौंडा में क्रेशर और लीज विवाद पर भारी बवाल: एसपी राजेश मीणा पहुंचे घटनास्थल, खाली हुआ पूरा गांव
भरतपुर: भरतपुर जिले के वैर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम भौंडा (रायपुर) में क्रेशर प्लांट और माइंस की लीज को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया. विवाद बढ़ने के कारण क्षेत्र में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत एक्शन मोड में आ गए हैं. स्थिति की समीक्षा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश मीणा खुद भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी राजेश मीणा की मौजूदगी में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की विशेष टीमों को बुलाया गया. टीमों ने मौका-ए-वारदात से बारीकी से साक्ष्य और डिजिटल सबूत एकत्र किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच की मदद से घटना में शामिल उपद्रवियों और अपराधियों की भूमिका तय की जाएगी. पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाया रखा जा सके.
हमलावरों के घरों पर लटके ताले, पूरा गांव हुआ खाली
घटना के बाद सामने आई स्थिति काफी चौंकाने वाली है. उपद्रव और वारदात में शामिल हमलावर पुलिस कार्रवाई के डर से अपने घरों पर ताले लटकाकर मौके से फरार हो गए हैं. वर्तमान में रायपुर भौंडा गांव पूरी तरह खाली नजर आ रहा है और सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो फरार हमलावरों और नामजद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के दफ्तर में तोड़फोड़, वीडियो वायरल
इस पूरी वारदात के दौरान हमलावरों की दबंगई का एक और मामला सामने आया है. हमलावरों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के कार्यालय को भी अपना निशाना बनाया और वहां जमकर तोड़फोड़ की. पूर्व विधायक के कार्यालय में की गई इस तोड़फोड़ के एक्सक्लूसिव वीडियो भी सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आ चुके हैं, जिनमें उपद्रवी उत्पाद मचाते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने वीडियो फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है.