एक्सप्लेनर | बांग्लादेश की राजनीति एक बार फिर ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ी है. 1975 में पिता शेख मुजीबुर रहमान और परिवार के कई सदस्यों की हत्या के बाद शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना को भारत में शरण लेनी पड़ी थी. करीब छह साल निर्वासन में बिताने के बाद, 17 मई 1981 को हसीना बांग्लादेश लौटीं और अवामी लीग की राजनीति में अपनी भूमिका संभाली. अब, दशकों बाद, एक बार फिर उनकी वापसी का सवाल बांग्लादेश की राजनीति के केंद्र में है.
लगभग दो वर्षों के प्रवास के बाद, शेख हसीना ने दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने का ऐतिहासिक फैसला किया है. यह सिर्फ एक पूर्व प्रधानमंत्री की घर वापसी नहीं है, बल्कि यह बांग्लादेश में लोकतंत्र, कानून के शासन और लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सबसे बड़ी परीक्षा होने वाली है. शेख हसीना का यह निर्णय तारिक रहमान की सरकार के लिए कानून-व्यवस्था, न्यायिक निष्पक्षता और लोकतांत्रिक परिपक्वता की सबसे मुशिकल घड़ी होने वाली है.
बांग्लादेश, एडिटर ब्लिट्ज, शोएब चौधरी ने न्यूज़ 18 से खास बातचीत में शेख हसीना की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, उन्होंने कहा “जब शेख हसीना बांग्लादेश की सरजमीं पर कदम रखेंगी, तब सवाल केवल यह नहीं होगा कि उनके खिलाफ मामलों का क्या होगा? असली सवाल यह होगा कि क्या तारिक रहमान प्रशासन, शेख हसीना के साथ अंतरराष्ट्रीय और लोकतांत्रिक मानकों के अनुरूप न्यायपूर्ण व्यवहार कर पाएगा?. ढाका एयरपोर्ट से अदालत तक की उनकी यात्रा केवल सुरक्षा का विषय नहीं होगी, बल्कि यह पूरी दुनिया के सामने बांग्लादेशी संस्थाओं और न्याय प्रणाली की साख भी दाव पर होगी”.
उन्होंने ये भी कहा कि “अवामी लीग को असंवैधानिक रूप चुनाव लड़ने से रोकने, पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने और मुकदमे थोपने के बावजूद, देश भर में शेख हसीना का जनाधार आज भी कायम है. ऐसे में उनकी स्वदेश वापसी बांग्लादेशी राजनीति को न्याय और लोकतांत्रिक पुनरुत्थान की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक मोड़ साबित होगी”.
पहली चुनौती: सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन
शेख हसीना की वापसी के साथ ही उनकी सुरक्षा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च प्राथमिकता बन जाएगी. बांग्लादेश की करोड़ों जनता और अवामी लीग के समर्थकों के लिए यह अत्यधिक भावनात्मक और स्वाभिमान का क्षण होगा. दूसरी ओर, हिंसक और अराजक विरोधी गुटों द्वारा स्थिति बिगाड़ने की साजिश रची जा सकती है.
ढाका एयरपोर्ट, अदालत परिसर और रास्ते भर उमड़ने वाले जनसैलाब के बीच सरकार को यह साबित करना होगा कि वह प्रतिशोध से ऊपर उठकर काम कर सकती है. वह कहते हैं कि, यदि विरोधी तत्व या अराजक समूह कानून हाथ में लेते हैं, तो यह सीधे तौर पर तारिक रहमान सरकार की प्रशासनिक विफलता और दुर्भावना को उजागर करेगा. दुनिया देख रही है कि क्या एक पूर्व प्रधानमंत्री को वह सुरक्षा मिलेगी, जिसकी वे हकदार हैं?
दूसरी चुनौती: न्याय का ढोंग बनाम वास्तविक निष्पक्षता
शेख हसीना का कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज मामले राजनीतिक प्रतिशोध और षड्यंत्र का नतीजा हैं. अब, जब वे स्वयं अदालत के सामने पेश होकर न्याय का सामना करने के लिए तैयार हैं, तो पूरे विश्व की नजरें बांग्लादेश की न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर होंगी.
वह कहते हैं कि “तारिक रहमान और उनके सहयोगियों के लिए सबसे बड़ा जोखिम यही है कि उनका तंत्र अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने न्याय का ढोंग रचने के फेर में पूरी तरह बेनकाब न हो जाए. यदि अदालती कार्यवाही को राजनीतिक प्रतिशोध का हथियार बनाया गया, तो तारिक रहमान सरकार घरेलू और वैश्विक स्तर पर पूरी तरह अलग-थलग पड़ जाएगी और हसीना एक बार फिर लोकतांत्रिक न्याय की सर्वोच्च प्रतीक बनकर उभरेंगी”.
तीसरी चुनौती: अवामी लीग का अटूट जनाधार और लोकतांत्रिक अधिकार
शेख हसीना की वापसी से यह भी साफ हो जाएगा कि बांग्लादेश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और निर्माण से अवामी लीग को कभी मिटाया नहीं जा सकता. उनका कहना है कि “दमनकारी प्रतिबंधों और मुकदमों के बावजूद पार्टी का सामाजिक और राजनीतिक आधार आज भी अटूट है. शेख हसीना की मौजूदगी से अवामी लीग के राजनीतिक अधिकारों को बहाल करने का जनदबाव चरम पर होगा”.
- क्या लोकतंत्र का दिखावा बंद करके अवामी लीग को चुनाव लड़ने का अधिकार मिलेगा?
- क्या वे (विरोधी ताकतें) जनता के सीधे फैसले का सामना करने की हिम्मत दिखाएंगी?
इस प्रश्न का उत्तर ही बांग्लादेश में लोकतंत्र के अस्तित्व को तय करेगा.
चौथी चुनौती: जनाक्रोश और जन-आकांक्षाओं का सामना
ये बात बिलकुल सही है कि शेख हसीना की वापसी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के लिए नवजागरण और उम्मीद का संदेश लेकर आई है. उनका कहना है कि जनता पिछले दो सालों की अराजकता, आर्थिक संकट और अस्थिरता से तंग आ चुकी है. विरोधी समूहों और सरकार के सामने चुनौती यह होगी कि वे इस शांतिपूर्ण जन-समर्थन को दबाने के लिए बल प्रयोग न करें. राजनीतिक अभिव्यक्ति को दबाने की कोई भी कोशिश तारिक रहमान प्रशासन की तानाशाही मानसिकता को ही उजागर करेगी.
पांचवीं चुनौती: कूटनीतिक संतुलन और भारत-बांग्लादेश संबंध
शेख हसीना बांग्लादेश के विकास, दक्षिण एशियाई स्थिरता और भारत-बांग्लादेश के मजबूत और दोस्ताना संबंधों की सबसे बड़ी ध्वजवाहक रही हैं. अगस्त 2024 के बाद से भारत में उनकी उपस्थिति और उनका सम्मान दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और रणनीतिक रिश्तों को दर्शाता है.
तारिक रहमान और उनके गुट को यह समझना होगा कि शेख हसीना के साथ अन्याय करके वे भारत के साथ ही नहीं, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ अपने संबंधों को जोखिम में डाल सकते हैं. व्यापार, सुरक्षा, ऊर्जा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अवामी लीग की नीतियों और हसीना के नेतृत्व की आवश्यकता आज भी प्रासंगिक है.
एडिटर ब्लिट्ज, शोएब चौधरी के मुताबिक, सबसे बड़ा सवाल: शेख हसीना का अपने देश और जनता के प्रति अपनी निष्ठा के कारण उनका लौटना तय है. असली सवाल यह है कि:
- क्या रहमान सरकार इस घटनाक्रम को अच्छे संभल पाएगा?
- क्या पूर्व प्रधानमंत्री को पूर्ण सुरक्षा और सम्मान मिलेगा?
- क्या अदालतों को राजनीतिक दबाव से मुक्त, निष्पक्ष न्याय होने दिया जाएगा?
- क्या अवामी लीग को उसका संवैधानिक अधिकार वापस देकर सच्चे बहुदलीय लोकतंत्र का सम्मान किया जाएगा?
शेख हसीना की वापसी किसी परीक्षा से डरने की नहीं, बल्कि विरोधियों के हर फर्जीवाड़े को बेनकाब करने की हुंकार है. शेख हसीना का विमान ढाका में उतरते ही यह साफ हो जाएगा कि बांग्लादेश की जनता तानाशाही और अराजकता को नकार कर अपने वास्तविक नेतृत्व और विकास के युग की ओर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है.