शिमला, हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटो के दौरान ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में हुई बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 8 से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है. चंबा जिला में अधिकतम तापमान सामान्य से 14 डिग्री नीचे गिर गया है. मौसम के इस बदले मिजाज ने प्रदेश में सर्दियों की दस्तक का एहसास करा दिया है.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 13 से 15 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है.
आगामी तीन दिन बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. हमीरपुर के निहरी में करीब 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि शिमला और कांगड़ा सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13, 14 और 15 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हो सकती है. 17 अक्तूबर को प्रदेशभर में धूप खिलेगी.
हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिन का मौसम.
शिमला में दोपहर बाद छाए बादल, अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री
राजधानी शिमला में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई. बीते कल हुई बारिश से शिमला का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है.
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. बीते कल ऊना में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भुंतर, पालमपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में दिन का तापमान करीब 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 10 से 12 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. चंबा में तापमान सामान्य से 14 डिग्री तक नीचे चला गया है.
तापमान में अचानक आई गिरावट के चलते सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है. लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में पारा शून्य से नीचे पहुंचने से सर्दियों का असर साफ नजर आने लगा है.
बारिश से बदला मौसम, अगले तीन दिन बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 8 से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार को मौसम साफ रहने वाले क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, लेकिन शाम से दोबारा बारिश का दौर शुरू हो सकता है.13 से 15 अक्टूबर के बीच बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड और बढ़ने के आसार हैं. खासकर जनजातीय क्षेत्रों और ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.