नई दिल्ली. दिवाली और छठ पूजा के मौके पर ट्रेनों में भारी भीड़ हो जाती है. यूपी-बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में तो कंन्फर्म टिकट मिलना बहुत मुश्किल हो जाता है. इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे लगातार फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर रहा है. अब पश्चिम मध्य रेलवे ने 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. पश्चिम मध्य रेलवे के इस कदम से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार आने-जाने वालों को फायदा होगा. रेलवे ने दानापुर, हजरत निजामुद्दीन, हरिद्वार, रानी कमलापति और डॉ. अंबेडकर नगर रूट के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई है.
भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से बिहार के दानापुर के लिए ट्रेन नंबर 01667/01668 चलाई है. गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर एक्सप्रेस 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक हर सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 14:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 09:15 बजे दानापुर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 01668 दानापुर-रानी कमलापति एक्सप्रेस 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सुबह 11:20 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी. यह गाड़ी नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी.
सोगरिया-दानापुर स्पेशल ट्रेन
राजस्थान और मध्य प्रदेश से बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 09823/09824 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस चलाई जा रही है. गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस 10 अक्टूबर से चलने शुरू हो चुकी है और यह 14 नवंबर 2026 तक हर शनिवार रात 23:10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 23:45 बजे दानापुर पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 09824 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को दानापुर से रात 01:15 बजे प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन तड़के 03:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी. यह ट्रेन बारां, सालपुरा, छाबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में रुकेगी.
जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन
दिल्ली की ओर सफर करने वालों के लिए ट्रेन नंबर 01707/01708 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन चलेगी. गाड़ी संख्या 01707 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 17 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक हर शनिवार रात 20:20 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 14:25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 01708 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस 18 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक हर रविवार दोपहर 15:45 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 09:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी.
जबलपुर-हरिद्वार स्पेशल
ट्रेन नंबर 01703 जबलपुर-हरिद्वार एक्सप्रेस 22 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. यह ट्रेन जबलपुर से दोपहर 15:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 14:20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. ट्रेन संख्या 01704 हरिद्वार-जबलपुर एक्प्रेस 23 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी. यह ट्रेन हरिद्वार स्टेशन से दोपहर 15:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 16:20 बजे पहुंचेगी.
रीवा- रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन
रीवा और रानी कमलापति स्टेशन के बीच ट्रेन संख्या 02192 रीवा-रानी कमलापति एक्सपेस 17, 24 अक्तूबर और 07, 14 नवंबर 2026 को चलेगी. यह ट्रेन रीवा से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 21:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी. ट्रेन नंबर 02191 रानी कमलापति-रीवा एक्सप्रेस ट्रेन 17, 24 अक्तूबर और 07, 14 नवंबर 2026 को कमलापति स्टेशन से रात 22:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 07:20 बजे रीवा पहुंचेगी.
कटनी-सतना स्पेशल ट्रेन
कटनी-सतना एक्पप्रेस 10 से 22 अक्टूबर तक हर रोज चलेगी. यह ट्रेन कटनी से सुबह 5.45 बजे रवाना होगी और 8.45 बजे सतना पहुंचेगी.ट्रेन नंबर 09016 सतना-कटनी एक्सप्रेस भी 10 से 22 अक्टूबर के बीच रोज सतना से शाम 18.30 बजे रवाना होगी और 20.50 बजे कटनी पहुंचेगी.
रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 01704/01703 रीवा-डॉ.अंबेडकर नगर 25 और 26 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को चलेगी. रीवा-डॉ.अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास, इंदौर होते हुए अंबेडकर नगर आएगी.