Last Updated:
Gwalior News: ग्वालियर में एक डेटिंग ऐप के जरिए 28 वर्षीय युवक को होटल में बुलाकर बंधक बनाने, बेल्ट से पीटने और 1.38 लाख रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ितों की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए मुरैना से दो आरोपियों हरिभान और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया है.
पुलिस गिरफ्त में आरोपी.
Gwalior News: ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के सिटी सेंटर स्थित एक होटल में बुलाकर 28 वर्षीय युवक को बंधक बनाया गया, बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया और उसका गंदा वीडियो बनाकर 1 लाख 38 हजार रुपये ऐंठ लिए गए. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरैना से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है.
ऐप पर दोस्ती के बाद होटल बुलाया
माधौगंज निवासी 28 वर्षीय पीड़ित युवक ग्राइंडर डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करता था. 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे उसकी ‘हरियाणा’ नाम की प्रोफाइल से बातचीत हुई. आरोपी ने अपना नाम राहुल बताकर युवक को सिटी सेंटर के पटेल नगर स्थित होटल ‘गोल्डन लीफ’ में मिलने बुलाया. शाम 4 बजे जब पीड़ित होटल पहुंचा, तो आरोपी उसे कमरा नंबर 206 में ले गया. कमरे में पहले से ही 4 अन्य युवक मौजूद थे.
नकली क्राइम ब्रांच अफसर बनकर की मारपीट और ब्लैकमेल
कमरे में पहुंचते ही पांचों युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. इसके बाद बदमाशों ने युवक को बंधक बना लिया और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके गाल और दाहिने पैर में चोटें आईं. बदमाशों ने उसके कपड़े उतरवाकर मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना लिया.
कार में घुमाया, दोस्त से भी वसूले रुपये
CSP मुरार रोबिन जैन के अनुसार, डर के मारे पीड़ित ने जेब में रखे 8 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए. इसके बाद आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड और पासवर्ड लेकर 30 हजार रुपये निकाले तथा QR कोड से 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. इसके बाद आरोपी पीड़ित को सफेद रंग की क्रेटा कार में बैठाकर सिरोल ले गए, जहां उसके दोस्त से 70 हजार रुपये नकद वसूले गए. आरोपियों ने कुल 1 लाख 38 हजार रुपये ऐंठ लिए और रात 9:30 बजे उसे होटल के बाहर छोड़कर भाग गए.
70 हजार की और मांग, फिर पुलिस में शिकायत
वारदात के बाद भी आरोपी वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर 70 हजार रुपये की और मांग कर रहे थे. लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़ित क्राइम ब्रांच पहुंचा. ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने रविवार रात मुरैना के अंबाह बायपास रोड पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर और सोनू गुर्जर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, हरिभान ने ही ‘राहुल’ बनकर पीड़ित से संपर्क साधा था. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है.