Last Updated:
Pakistan BLA Attack On Coast Guard: पाकिस्तान के जिवानी तट के पास अरब सागर में गश्त कर रही कोस्ट गार्ड्स की नाव पर भारी गोलीबारी हुई. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए 4 जवानों की मौत का दावा किया है. हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि कई जवान घायल हुए, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई.
पाकिस्तान में कोस्ट गार्ड पर हमला हुआ. (सांकेतिक फोटो)
Pakistan News: अरब सागर में पाकिस्तान के जिवानी तट के पास तस्करी रोकने निकले कोस्ट गार्ड्स की टीम पर गोलीबारी हुई है. पाकिस्तान के कोस्ट गार्ड्स की एक नाव नियमित गश्त पर थी, तभी उस पर भारी फायरिंग की गई. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए चार जवानों को मारने का दावा किया है. हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि मुठभेड़ में कुछ जवान घायल हुए हैं, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई. यह घटना दिखाती है कि बालूचिस्तान लिबरेशन आर्मी पाकिस्तानी सिक्योरिटी फोर्सेस को सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि समुद्र में भी चुनौती दे रही है.
कैसे शुरू हुई गोलीबारी?
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह घटना पाकिस्तान के ग्वादर जिले के जिवानी तट के पास समुद्री इलाके में हुई. पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स की टीम तस्करी के शक में कुछ नावों को रोकने पहुंची थी. इसी दौरान बोट पर मौजूद जवानों पर गोलीबारी शुरू हो गई. जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बाद हमलावर तट की ओर भाग गए. सुरक्षा सूत्रों का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में कुछ हमलावर भी हताहत हुए, हालांकि ये कितने लोग थे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है.
BLA ने किया चार जवानों को मारने का दावा
अलगाववादी संगठन BLA ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के चार कर्मियों को मार दिया. दूसरी ओर, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि इस मुठभेड़ में कुछ जवान घायल हुए हैं, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई. इस तरह घटना में जानमाल के नुकसान को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं.
सुरक्षा अधिकारी अब इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि हमले का समुद्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है. जांच से जुड़े सूत्रों को शक है कि अवैध तस्करी के रास्तों को बचाने के लिए हमले की योजना बनाई गई हो सकती है. घटना के बाद जिवानी के तटीय इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने जांच और तलाशी अभियान तेज कर दिया है.