Last Updated:
Chhattisgarh Sugarcane Price: छत्तीसगढ़ में सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ा दिया है. अब सरकार ने गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का फैसला लिया है. किसानों का एक डेलिगेशन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिल था. इसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है. इससे किसानों ने आंदोलन को स्थगित कर दिया है.
छत्तीसगढ़ में बढ़ गई गन्ने की कीमत (AI तस्वीर)
Chhattisgarh Sugarcane Price: छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है, जब छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना का मूल्य बढ़ा दिया है. अब गन्ने के रेट में 70 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. अब गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपए तय कर दिया गया है. पहले गन्ना 355 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा जा रहा था. इसी के साथ लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हुआ फैसला
किसान संघ के डेलिगेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की है और इसके बाद यह फैसला लिया गया है. किसानों के आंदोलन की वजह से पिछले तीन दिनों से नेशनल हाईवे पर भारी जाम लगा था. प्रदर्शन के चलते ठप पड़ी जिंदगी अब पटरी पर लौट आई है, जिससे आम जनता ने बड़ी राहत की सांस ली है.
मुख्यमंत्री साय ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया है कि
अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है. गन्ना किसानों के हित में अहम फैसला लिया गया है. अब शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी ₹425 प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. पेराई सत्र 2025- 26 में की गई खरीदी का भुगतान भी बढ़े हुए दर पर किया जाएगा. किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर फल मिले, खेती लाभकारी बने हमारी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है.
किसानों ने प्रदर्शन की कही बात
सरकार के इस कदम से किसानों की 7 प्रमुख मांगों में से 4 मुख्य मांगें पूरी हो गईं हैं, जिसके बाद किसानों ने अपने कदम पीछे खींच लिए. लेकिन किसानों की तरफ से बताया गया है कि उनकी लड़ाई अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है. बची हुई दूसरी मांगों को मनवाने के लिए किसानों ने अपनी आगे की रणनीति तय कर ली है. इसके तहत 27 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करने की बात कही गई है.