Last Updated:
Iran-US War: ईरान-अमेरिका के युद्ध में ईरान के नुकसान को तो सबने देखा है लेकिन अमेरिका ने कभी अपने नुकसान पर खुलकर बात नहीं की है. जब भी ऐसी कोई रिपोर्ट आई, डोनाल्ड ट्रंप ने फेक कहकर उसे नकार दिया. पीट हेगसेथ ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर माना है कि अमेरिका के 21 सैनिक इस युद्ध में मारे गए.
पीट हेगसेथ (फाइल फोटो)
Iran-US War: ईरान-अमेरिका युद्ध को लेकर नुकसान को लेकर दोनों देशों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. ईरान ने हमेशा ही ये बात कही है कि अमेरिका अपने नुकसान को छिपा रहा है और उसकी ये बात अब धीरे-धीरे सच साबित हो रही है. अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान के साथ युद्ध में अमेरिकी सैनिकों की मौतों की संख्या को लेकर द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट पर कड़ी नाराजगी जताई थी लेकिन अब खुद उन्होंने बताया है कि ईरान युद्ध में अमेरिका के 21 सैनिकों की मौत हुई है.
वॉशिंगटन पोस्ट ने सितंबर में अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि ईरान युद्ध के दौरान जितने अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, उनकी संख्या पेंटागन के आधिकारिक रिकॉर्ड में बताई गई संख्या से अधिक है. हेगसेथ ने 18 सितंबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए लिखा था- ‘यह घृणित और फर्जी है. यह पूरी तरह झूठ है.’ उन्होंने अखबार की आलोचना करते हुए कहा था कि उसकी रिपोर्टिंग ईरान के सरकारी मीडिया से भी बदतर है. हालांकि अब पीट हेगसेथ का बयान इसका उलट है.
ईरान में अमेरिका के कितने सैनिक मरे?
पीट हेगसेथ अमेरिकी सैनिकों की मौतों से जुड़े आंकड़ों में गड़बड़ी की खबर को गलत बताया था, लेकिन अब पेंटागन ने अपने आधिकारिक आंकड़ों में बदलाव किया है. 9 अक्टूबर को अपडेट किए गए रिकॉर्ड के अनुसार ईरान के खिलाफ युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाकर 21 कर दी गई है. इससे पहले आधिकारिक आंकड़ों में मृतकों की संख्या कम दिखाई गई थी. इस बदलाव के बाद हेगसेथ के पहले के बयान पर सवाल उठने लगे हैं.
सैनिकों की मौतों के आंकड़ों पर सवाल
इस मामले को लेकर अमेरिकी संसद के कुछ सदस्यों ने भी पेंटागन से जवाब मांगा है. उनका कहना है कि सैनिकों की मौतों और घायलों की सही जानकारी समय पर जनता के सामने रखी जानी चाहिए. उनका आरोप है कि रिकॉर्ड में इतनी बड़ी गलती होना गंभीर मामला है. पेंटागन के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 865 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं. इसके अलावा इराक में प्रशिक्षण के दौरान मारे गए सार्जेंट डेविन सीबेल की मौत भी सामने आई है. हालांकि उनकी मौत ईरान युद्ध के बजाय इस्लामिक स्टेट के खिलाफ चलाए जा रहे एक अलग सैन्य अभियान से जुड़ी थी.