Last Updated:
Churu Road Accident: चूरू के रतनगढ़ में एनएच-11 पर लूंछ फांटा के पास तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में होटल मोटल हवेली के संचालक मोहनलाल बंसल और उनके कर्मचारी रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है.
चूरू. जिले में सड़क हादसे में होटल संचालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, रतनगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-11 पर लूंछ फांटा के पास तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर ही बस छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रतनगढ़ स्थित होटल मोटल हवेली के संचालक 60 वर्षीय मोहनलाल बंसल और उनके कर्मचारी 45 वर्षीय रामकिशोर निवासी खाड़िया बास के रूप में हुई है. दोनों बाइक से होटल से रतनगढ़ लौट रहे थे, इसी दौरान नेशनल हाईवे-11 पर लूंछ फांटा से कुछ दूरी आगे पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही लोक परिवहन बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार संतुलन खोकर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
रतनगढ़ थानाधिकारी संदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक और थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को सरकारी जालान अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त लोक परिवहन बस को जब्त कर थाने लाया गया है. हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर जाम लग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और जाम खुलवाकर वाहनों का आवागमन सुचारू करवाया. दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. मामले में रविवार को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है.