Bhopal: मेस के खाने में मिली छिपकली, श्रमोदय विद्यालय के 13 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती


Last Updated:

भोपाल के नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में मेस का खाना खाने से 13 बच्चों की हालत बिगड़ गई. खाने में छिपकली मिलने की आशंका के बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई. सभी बीमार छात्रों को देर रात जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Top Deals Inside

Bhopal: मेस के खाने में छिपकली, इस स्कूल के 13 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, भर्तीZoom

मेस के खाने में मिली छिपकली.

रिपोर्ट: आचार्य शिवकांत

राजधानी भोपाल में एक बार फिर मेस प्रबंधन की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. इस लापरवाही का हर्जाना मासूम बच्चों को भुगतना पड़ा है. पूरा मामला नीलबड़ क्षेत्र में स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के परिसर का है. यहां कल देर रात मेस का खाना खाने से 13 बच्चों की हालत अचानक बिगड़ गई.

खाने में मिली छिपकली
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कल देर रात छात्र मेस में खाना खाने के लिए पहुंचे थे. भोजन के दौरान वहां मौजूद सीनियर छात्रों को खाने में कीड़ा होने का संदेह हुआ. इसके बाद एक बच्चे ने चम्मच से उठाकर देखा तो खाने में छिपकली पाई गई. छिपकली देखते ही वहां मौजूद बच्चों के बीच हड़कंप मच गया.

अस्पताल में देर रात तक चला इलाज
मेस का खाना खा चुके बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी. बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और जलन जैसी शिकायतें शुरू हो गईं. जैसे ही विद्यालय प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली, बच्चों को तुरंत भोपाल के जयप्रकाश चिकित्सालय में इलाज के लिए भेजा गया. अस्पताल में देर रात तक डॉक्टरों की देखरेख में बच्चों का इलाज चलता रहा। इलाज के बाद फिलहाल बच्चों की स्थिति सामान्य बनी हुई है.

खाने के तुरंत बाद बिगड़ी तबीयत 
अस्पताल में भर्ती एक बीमार छात्र अनिकेत गुर्जर ने बताया कि मेस में खाना खाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां अब उसका उपचार चल रहा है. वहीं मौके पर मौजूद शिक्षक टीकाराम झरिया ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा सूचना दिए जाने के बाद ही बच्चों को इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल लाया गया था.

मेस व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय की मेस व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल यह उठ रहा कि आवासीय विद्यालय की मेस में इस तरह की खतरनाक गड़बड़ियां कैसे हो रही हैं. यदि खाने में जहरीले जीव-जंतु गिरते रहे तो बच्चों की सेहत और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

पहले भी हो चुका करोड़ों का घोटाला
यह पहला मौका नहीं है जब यह विद्यालय विवादों में आया है. इसी शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में पूर्व में भी मेस के नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा हो चुका है. मेस घोटाले के उस पुराने मामले की जांच वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा यानी ईओडब्ल्यू (EOW) कर रही है.



Source link