Last Updated:
Caramel Rice Kheer: भारतीय घरों में खीर का मतलब दूध, चावल और इलायची की खुशबू है. त्योहार हो, कोई खास मौका या फिर खाने के बाद मीठा खाने की इच्छा, खीर हर मौके के लिए एक बेहतरीन मीठा व्यंजन है. लेकिन अगर आप हर बार बेसिक खीर की रेसिपी ट्राई करके बोर हो गए हैं, तो इस नवरात्रि पर कैरेमल राइस खीर ट्राई कर सकते हैं. यहां जानें पूरी रेसिपी.
कैरेमल राइस खीर का स्वाद मीठा, मलाईदार और हल्का कैरेमल फ्लेवर वाला होता है. लेकिन इसे बनाने के लिए किसी महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती. चावल, दूध, नारियल, काजू और चीनी जैसी चीजों से आप घर पर ही यह स्वादिष्ट मिठाई तैयार कर सकते हैं.
कैरेमल राइस खीर बनाने के लिए सामग्री- आधा कप कोई भी चिपचिपा चावल, 7-8 काजू, आधा कप ताजा नारियल, 1 लीटर फुल क्रीम दूध, कैरेमल बनाने के लिए ¼ कप चीनी, स्वादानुसार एक्स्ट्रा चीनी, ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 1-2 बड़े चम्मच घी, सजावट के लिए कटे हुए ड्राई फ्रूट्स, कैरेमल बनाने के लिए थोड़ा पानी.
कैरेमल राइस खीर बनाने का तरीका- चावल भूनकर भिगोएं- सबसे पहले एक पैन में चावल को हल्का भून लें. जब चावल से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब चावल और काजू को एक बर्तन में डालकर गर्म पानी में करीब 30 मिनट तक भिगो दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
तैयार करें पेस्ट- भीगे हुए चावल और काजू का पानी निकाल लें. इन्हें मिक्सर में डालें और ताजा नारियल मिलाकर बारीक पेस्ट बना लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी डाल सकते हैं.
कैरेमल बनाएं- एक भारी तले वाले बर्तन में ¼ कप चीनी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. शुरुआत में इसे चलाने की जरूरत नहीं है. चीनी पिघलकर सुनहरे भूरे रंग की हो जाए, तो थोड़ा पानी डालकर सावधानी से मिलाएं. गर्म कैरेमल के छींटे पड़ सकते हैं, इसलिए ध्यान रखें.
दूध मिलाएं- अब कैरेमल में धीरे-धीरे दूध डालें और लगातार चलाते रहें. दूध को हल्का उबाल आने तक गर्म करें, ताकि कैरेमल अच्छी तरह घुल जाए.इसके बाद दूध में चावल, काजू और नारियल का पेस्ट डालें. इसे लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पकाएं, ताकि गांठें न बनें. चावल पूरी तरह पकने और खीर के गाढ़ा होने तक इसे बीच-बीच में चलाते रहें.
चीनी और इलायची डालें- अब स्वाद के अनुसार चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं. कुछ मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें. इसके बाद एक छोटे पैन में घी गर्म करें. इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्का भून लें. इन्हें खीर में मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं. इस तरह से आपकी स्वादिष्ट कैरेमल राइस खीर तैयार है.