Last Updated:
Bhojpur Ajab Gajab News: भोजपुर जिले के आरा स्थित हेरिटेज हॉस्पिटल में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक महिला ने पहली डिलीवरी में एक साथ तीन बच्चों (एक बेटी और दो बेटों) को जन्म दिया है. परिवार इसे माता रानी का आशीर्वाद मान रहा है और घर में खुशी का माहौल है.
आरा: नवरात्रि के पावन अवसर पर भोजपुर जिले के एक परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है. आरा के महावीर टोला स्थित हेरिटेज हॉस्पिटल में एक महिला ने अपनी पहली डिलीवरी के दौरान एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है. महिला ने एक बेटी और दो बेटों को जन्म दिया है. एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है. परिजनों के लिए यह पल बेहद खास है. क्योंकि पहली बार माता-पिता बनने के साथ ही उन्हें तीन बच्चों का सुख मिला है.
बाग मंझौवा की रहने वाली हैं सुषमा देवी
मिली जानकारी के अनुसार तीन बच्चों को जन्म देने वाली महिला की पहचान सुषमा देवी के रूप में हुई है. उनके पति का नाम सुनील प्रसाद है. यह परिवार भोजपुर जिले के बाग मंझौवा का रहने वाला है. जबकि सुषमा देवी का मायका एकवारी में है. सुषमा देवी की यह पहली डिलीवरी थी. इस दौरान उन्होंने एक बेटी और दो बेटों को जन्म दिया. परिवार के मुताबिक गर्भावस्था के दौरान ही उन्हें पता चल गया था कि सुषमा देवी के गर्भ में तीन बच्चे पल रहे हैं. इसके बाद से ही परिवार के लोग बच्चों के जन्म का इंतजार कर रहे थे. डिलीवरी के बाद एक साथ तीन बच्चों की किलकारी गूंजने से घर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है.
पहली बार मां बनीं सुषमा, परिवार में खुशी
पहली बार मां बनने का अनुभव किसी भी महिला के जीवन का खास पल होता है. सुषमा देवी के लिए यह खुशी और भी यादगार बन गई. क्योंकि उन्होंने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है. परिवार के सदस्य इस पल को लेकर बेहद उत्साहित हैं. परिजनों के बीच बच्चों के जन्म की खबर से खुशी का माहौल है और लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं.
नवरात्रि में तीन बच्चों का जन्म, नानी ने बताया माता रानी का आशीर्वाद
बच्चों की नानी ने इस खुशी को नवरात्रि के पावन अवसर से जोड़ते हुए इसे माता रानी का आशीर्वाद बताया. उनका कहना है कि नवरात्रि के दौरान परिवार में एक साथ तीन बच्चों का आगमन बेहद सौभाग्य की बात है. परिवार के लिए यह अवसर केवल बच्चों के जन्म की खुशी नहीं, बल्कि जीवन में एक नई शुरुआत का प्रतीक भी है. इस घटना की चर्चा इलाके में हो रही है. परिवार के लिए नवरात्रि का यह अवसर हमेशा यादगार रहेगा. एक बेटी और दो बेटों के जन्म ने उनकी खुशियों को तीन गुना कर दिया है.