अमेरिका के पेनसिल्वेनिया राज्य से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है. एरी (Erie) शहर में हुई एक अंधाधुंध मास शूटिंग और उसके बाद चले घंटों लंबे पुलिस स्टैंडऑफ ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भयानक गोलीबारी में 2 बच्चों समेत कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. इस घटना ने एक बार फिर अमेरिका में गन कल्चर और ताबड़तोड़ हमलों की खौफनाक सच्चाई को सामने लाकर रख दिया है.
सड़क पर चली गोलियां, बिछती गईं लाशें
ये पूरा वाकया पेनसिल्वेनिया के एरी शहर के पेरी स्ट्रीट पर हुआ. चश्मदीदों के मुताबिक, 9 अक्टूबर शाम को लगभग 5 बजे एक शख्स हाथ में बंदूक लेकर सड़कों पर निकला और बिना किसी डर के गोलियां बरसाने लगा. हमलावर की इस अंधाधुंध फायरिंग से सड़क पर भगदड़ मच गई.
पुलिस को तुरंत इस घटना की सूचना दी गई. जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक हमलावर सड़क पर ही दो महिलाओं को अपनी गोलियों का शिकार बना चुका था, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. सड़क पर खून से सनी लाशें देखकर आसपास के लोगों की रूह कांप उठी.
घर में घुसा हमलावर, अंदर मिला लाशों का ढेर
सड़क पर खूनी खेल खेलने के बाद हमलावर रुका नहीं, बल्कि वहां से भागकर पास ही के एक रिहायशी घर में घुस गया. घर में घुसने के बाद उसने अंदर क्या तबाही मचाई, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब पुलिस घंटों की मशक्कत के बाद उस घर के अंदर घुस पाई, तो वहां और भी कई लोगों के शव मिले.
सीबीएस की स्थानीय सहयोगी एजेंसी ‘एरी न्यूज नाउ’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे नरसंहार में मरने वालों की कुल संख्या 9 तक पहुंच गई है, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं. पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स ने घर को चारों तरफ से घेर लिया था और घंटों तक हमलावर के साथ स्टैंडऑफ चला, जिसके बाद जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका.
सहमे हुए हैं स्थानीय लोग, प्रशासन में मचा हड़कंप
इस घटना के बाद पूरा एरी शहर गहरे सदमे में है. लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं. स्थानीय प्रशासन और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस शख्स ने इतना बड़ा खूनी कदम क्यों उठाया. क्या ये आपसी रंजिश का नतीजा था या हत्यारा दिमागी रूप से बीमार था, फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है.
अमेरिका में गन वायलेंस की ये कोई पहली घटना नहीं है, लेकिन एक साथ 9 लोगों और बच्चों की जान चले जाने से एक बार फिर वहां के सुरक्षा तंत्र और गन कानूनों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. इस दिल दहला देने वाले हादसे ने साबित कर दिया है कि अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था किस हद तक बिगड़ चुकी है.