Last Updated:
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया है कि दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में लड़कियों की कथित पिटाई में यूपी के लड़के शामिल थे. उन्होंने कहा कि यह लड़के गाजियाबाद और उसके आसपास के लड़के थे.
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने यूपी के लड़कों पर उठाया सवाल.
लखनऊः समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो शेयर कर सरकार पर हमला बोला है. साथ ही उन्होंने मीडिया के समक्ष बयान जारी करते हुए कहा, ‘जो वहां बेटी के साथ ये कर रहे हैं, वो यूपी के लोग हैं. ये जो दूसरों को चुनौती देते फिर रहे हैं, एकरंगी लोग हैं, क्या ये वीडियो उन्हें नहीं दिखाई दे रहा है कि एक बेटी के साथ किस तरह के व्यवहार कर रहे हैं. वो य़ूपी के लोग हैं. सुनने में आ रहा है कि वो यूपी के गाजियाबाद के आसपास के रहने वाले लोग हैं.’
अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो
अखिलेश यादव ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें कुछ लड़के लड़कियों को पीटते हुए और अभद्रता करते हुए नजर आ रहे हैं. अब इस वीडियो में दिख रहे लड़कों को अखिलेश यादव ने यूपी का बताया है. अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि देश की राजधानी, शर्म से हुई पानी-पानी! ये है भाजपाई ‘नारी वंदन’ का सच। निंदनीय! वहीं अखिलेश यादव के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें घेर लिया है.
बीजेपी ने अखिलेश यादव पर बोला हमला
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि आरोपियों की जाति-मजहब के बाद अब अखिलेश यादव क्षेत्र भी देखने लगे. दिल्ली में बदसलूकी करने वालों को यूपी का बताकर प्रदेश की छवि खराब करने का आरोप लगाया है. अखिलेश यादव यूपी के लोगों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे. ‘लड़के हैं, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं’, यही सपा का सिद्धांत रहा. यूपी के नौजवानों पर टिप्पणी करके अखिलेश ने अपने खिलाफ खड़ा किया. यूपी की छवि खराब करने की कोशिश अखिलेश को भारी पड़ेगी.