यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत से छोड़ा गया, पर पुलिस ने दी यह चेतावनी
Last Updated:
Dhruv Rathi Released: कॉकरोच जनता पार्टी ने 11 अक्टूबर 2026 को भी विरोध-प्रदर्शन करने की बात कही है. इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. इससे पहले 10 अक्टूबर को पुलिस ने सीजेपी के प्रोटेस्ट में शामिल होने की कोशिश करने वाले हजारों लोगों को हिरासत में लिया था. इनमें चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी भी एक थे. अब पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया है.
यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत से छोड़ दिया गया है. (फाइल फोटो)
Dhruv Rathi Released: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर 2026 के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान करने वाले चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में उनके घर से हिरासत में ले लिया गया था. अब पुलिस ने उन्हें हिरासत से छोड़ दिया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि ध्रुव राठी ने फिर से जंतर-मंतर जाने की कोशिश की तो उनके खिलाफ फिर से एक्शन लिया जाएगा. बताया जाता है कि गुरुग्राम में उनके घर के पास पुलिस की विशेष टीम इंतजार कर रही थी. उनकी मां ने जैसे ही दरवाजा खोला पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
बता दें कि ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-55 इलाके से क्राइम ब्रांच की तीन टीमों ने शनिवार सुबह लगभग 6 बजे हिरासत में लिया था. उन्हें क्राइम ब्रांच के एक ऑफिस में लाया गया, जहां उनसे लगभग एक घंटे तक पूछताछ की गई थी. बताया जाता है कि ध्रुव राठी को डिटेन करने के लिए शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात से ही पुलिस की टीम उनके घर के पास तैनात थी. शनिवार सुबह जैसे ही ध्रुव राठी की मां ने दरवाजा खोला पुलिसवाले उनके घर में दाखिल हुए और हिरासत में ले लिया. अब जाकर उन्हें हिरासत से छोड़ा गया है.
दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की आज कोर्ट में क्यों है पेशी
CJP के नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रविवार सुबह दिल्ली कैंट पुलिस थाने में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा. पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा. रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने उन्हें सुबह इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता वृंदा ग्रोवर के नेतृत्व में वकीलों की एक टीम सीजेपी के नेताओं का पक्ष रख सकती है. रत्ना सिंह ने कहा कि वह अन्य वकीलों के साथ पुलिस थाने में मौजूद रहेंगी. सीजेपी के तीनों नेताओं को शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर एक विमान से हिरासत में लिया गया था. वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए.
सुप्रीम कोर्ट में आज किस मुद्दे पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद रखने और ट्रेन सेवाएं रद्द करने के मामले में रविवार को विशेष सुनवाई करेगा. यह मामला मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक परिवहन संबंधी अदालत के नौ अक्टूबर के आदेश के कथित उल्लंघन से जुड़ा है. अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने अवमानना याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने शनिवार को दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया. जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी.