Last Updated:
बिहार के मोतिहारी में एक ऐसी घटना घट गई है जिससे लोग अब पुराने पुल-पुलिया पर चलने से भी डरने लगेंगे. मोतिहारी के शिकारगंज थाना क्षेत्र में ब्रिटिश काल की बनी जर्जर पुलिया धंसने से 13 वर्षीय छोटू की मौत हो गई. इस घटना में कई लोग मलबे में दबने से घायल भी हो गए हैं.
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में शिकारगंज थाना क्षेत्र में आज एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां एक पुरानी जर्जर पुलिया अचानक धंस गई और इसके धंसने से 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. एक किशोर की मौत के साथ ही 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए लोग भलुआहीया गांव के निवासी हैं. मृतक की पहचान भलुआहीया गांव के 13 वर्षीय किशोर छोटू कुमार के रूप में हुई है. हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
हादसे का कारण और राहत कार्रवाई
बताया जा रहा है कि यह पुल काफी पुराना था और ब्रिटिश काल के समय का बना हुआ था. हादसे के वक्त कुछ स्थानीय ग्रामीण घास काटने के लिए इस पुल से पैदल गुजर रहे थे, तभी जर्जर स्थिति के कारण पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और नीचे गिर गया. इससे वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही शिकारगंज थाना की पुलिस और बचाव दल (रेस्क्यू टीम) बिना किसी देरी के तुरंत मौके पर पहुंच गई. रेस्क्यू टीम के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया. मलबे में दबे लोगों को बचाने के दौरान शिकारगंज के थानाध्यक्ष भी घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाने के साथ ही पुलिस आगे की जरूरी कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.
भगवतपुर भलुआहिया गांव में कछुआ नदी पर बने अंग्रेजी काल के पुराने पुल से रविवार को स्थानीय ग्रामीण घास काटने के लिए पैदल गुजर रहे थे. पुल के बीच पहुंचते ही उसका एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और लोग मलबे के साथ नदी में गिर पड़े. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू कर दिया. अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.