घटिया सड़क और टेढ़े नाले पर मोतिहारी में बुलडोजर एक्शन, नगर आयुक्त के फिल्मी अंदाज में भ्रष्टाचार पर ‘प्रहार’ से हड़कंप


Last Updated:

मोतिहारी नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार आशीष को जानकारी मिली थी कि वार्ड 40 में गलत और घटिया सामग्री से कम गुणवत्ता की सड़क का निर्माण कराया गया है, वहीं जमला में टेढ़ा नाला बना हुआ है. इसके बाद नगर आयुक्त ने खुद संज्ञान लिया और फिल्मी स्टाइल में एक्शन लिया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Top Deals Inside

घटिया सड़क और टेढ़े नाले पर नगर आयुक्त के बुलडोजर एक्शन से मोतिहारी में हड़कंपZoom

मोतिहारी नगर आयुक्त कुमार आशीष ने भ्रष्टाचार पर एक्शन लिया.

मोतिहारी. पूर्वी चंपारण में भ्रष्टाचार को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है. इसी कड़ी में घटिया निर्माण की शिकायत पर मोतिहारी नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है. वार्ड 40 में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और जमला में टेढ़ा नाला बनाए जाने की शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त कुमार आशीष ने खुद संज्ञान लिया. पहले तो संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और संवेदक (ठेकेदार) को चेतावनी दी, फिर बुलडोजर से घटिया सड़क और टेढ़े नाले को तुड़वाकर दोबारा निर्माण कराने का निर्देश दिया. नगर आयुक्त के इस फिल्मी अंदाज वाले एक्शन से निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच हड़कंप मचा है.

घटिया सड़क की शिकायत पर बुलडोजर से कार्रवाई

मोतिहारी नगर निगम के वार्ड 40 में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली थी. आरोप था कि सड़क बनाने में गलत और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. शिकायत की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त कुमार आशीष ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद सड़क को बुलडोजर से तुड़वाया गया और संवेदक को दोबारा सड़क बनाने का निर्देश दिया गया.

जमला में टेढ़ा नाला देखकर नगर आयुक्त ने लिया एक्शन

जमला इलाके में नाले का निर्माण ठीक तरीके से नहीं होने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी. बताया गया कि नाला टेढ़ा-मेढ़ा बनाया गया था. शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए नाले को बुलडोजर से तुड़वाया. साथ ही संवेदक को उसी खर्च में नाले का दोबारा निर्माण कराने की जिम्मेदारी दी गई.

अधिकारियों को फटकार, संवेदकों को चेतावनी

नगर आयुक्त कुमार आशीष ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने की हिदायत दी. उनका स्पष्ट निर्देश था कि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद सड़क और नाले का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा. घटिया निर्माण को ठीक कराने का खर्च भी संवेदक को ही उठाना होगा.

व्हाट्सएप मैसेज और कॉल पर कार्रवाई का दावा

बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में स्थानीय लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है. इन शिकायतों में व्हाट्सएप मैसेज और फोन कॉल भी शामिल हैं. इसी क्रम में वार्ड 40 की सड़क और जमला के नाले पर हुई कार्रवाई के बाद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर निगम की निगरानी चर्चा में है.



Source link