गौर सिटी अंडरपास की तीसरी डेडलाइन 2 महीने पहले खत्म, अब दिवाली का वादा, आखिर कब शुरू होगा?


Last Updated:

Gaur City Underpass: गौर सिटी में अंडरपास सालों से बन रहा है लेकिन अभी तक यह शुरू नहीं हो सका. अब दिवाली पर इसे चालू करने की बात कही जा रही है. लेकिन इससे पहले 3 डेडलाइन निकल चुकी है और अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है. जिस कारण हर रोज लोग ट्रैफिक का सामना कर रहे हैं.

Top Deals Inside

गौर सिटी अंडरपास की तीसरी डेडलाइन 2 महीने पहले खत्म, अब दिवाली का वादाZoom

गौड़ सिटी में जाम से परेशान लोग.

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ा सिर दर्द जाम है. इससे राहत देने के लिए गौर सिटी चौक पर अंडरपास बनाए जाने का काम 2 सालों से अधिक समय से चल रहा है, मगर अभी तक इसका काम पूरा नहीं हो सका है. अंडरपास शुरू करने की तीन डेडलाइन निकल चुकी है. अब लोगों का सवाल है कि क्या चौथी डेडलाइन में यह अंडपास शुरू हो पाएगा?

सबसे पहले लक्ष्य था जनवरी 2026, फिर 30 जून और इसके बाद 15 अगस्त को इस अंडरपास को शुरू करने की बात कही गई, मगर यह तीनों डेडलाइन निकल गई. वहीं अब दिवाली को इसे शुरू कर देने की बात कही जा रही है.

अंडरपास शुरू होते ही जाम से मिलेगी राहत
इस अंडरपास के शुरू होने से सूरजपुर-गाजियाबाद रोड पर सफर करना काफी आसान हो जाएगा. साथ ही हर रोज गौर सिटी में लगने वाले घंटों ट्रैफिक से भी कुछ हद तक लोगों को राहत मिलेगी. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं जो रोजाना नौकरी, स्कूल, बाजार और दूसरे कामों के लिए आते-जाते हैं. ऐसे में गौर सिटी चौराहे पर लगने वाला जाम लोगों का समय बर्बाद करता है. अंडरपास शुरू होने से वाहनों को चौराहे के ट्रैफिक से बचकर निकलने का रास्ता मिलने की उम्मीद है.

700 मीटर लंबा अंडरपास, खर्च 60 करोड़ से बढ़कर 92 करोड़
गौर सिटी चौक पर बन रहा यह अंडरपास करीब 700 मीटर लंबा है. इसका निर्माण साल 2024 में शुरू हुआ था और इसे 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. शुरुआत में परियोजना की लागत करीब 60 करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन बिजली की लाइनों और दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े काम के कारण कुल खर्च बढ़कर करीब 92 करोड़ रुपये हो गया है. रैंप पर बारिश से बचाव के लिए शेड लगाने पर भी करीब 7 करोड़ रुपये खर्च होने हैं.

आखिर क्यों बार-बार आगे बढ़ रही तारीख?
अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी इसे शुरू करने के लिए कुछ काम बाकी हैं. इनमें रैंप का काम, सड़क की फिनिशिंग, सड़क पर निशान बनाना और लाइटें लगाना शामिल है. बारिश के कारण भी कुछ काम की रफ्तार प्रभावित हुई. अधिकारियों के मुताबिक, अब इसे दिवाली से पहले शुरू करने का लक्ष्य है. हालांकि, लोगों को राहत तभी मिलेगी, जब सभी जरूरी काम पूरे होने के बाद यहां से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी.

वायरल वीडियो ने फिर उठाया जाम का मुद्दा
गौर सिटी-2 के अंदर शनिवार देर शाम लगे लंबे जाम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. एक ऊंची इमारत से बनाए गए इस वीडियो में सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं. यह समस्या केवल एक दिन की नहीं है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पीक आवर्स के दौरान बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर उतरते हैं, जिससे लोगों को जाम में फंसना पड़ता है. अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि दिवाली से पहले अंडरपास शुरू करने का नया वादा पूरा होता है या उन्हें राहत के लिए फिर इंतजार करना पड़ता है.



Source link