आखिरी ओवर के रोमांच में जीता भारत, वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर 5 मैचों की टी20 सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त


होमखेलक्रिकेट

आखिरी ओवर के रोमांच में जीता भारत, विंडीज को हराकर टी20 सीरीज में बनाई बढ़त

Last Updated:

India beat West Indies 3rd t20: भारत ने तीसरे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. सीरीज का चौथा टी20 बुधवार (14 अक्टूबर) के हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा.

Top Deals Inside

आखिरी ओवर के रोमांच में जीता भारत, विंडीज को हराकर टी20 सीरीज में बनाई बढ़त Zoom

भारत ने तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2 -1 की बढ़त बनाई.

नई दिल्ली. भारत ने तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. भारत के 223 रन के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 7 विकेट पर 209 रन ही बना सकी. सीरीज का चौथा टी20 मैच 14 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा. भारत की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए वहीं नमन धीर के खाते में दो विकेट गए.  अक्षर पटेल और नितीश रेड्डी ने एक एक विकेट निकाला.

भारत की ओर से रखे गए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कुल स्कोर में अभी 7 रन ही जुड़े थे कि कप्तान और विकेटकीपर शाई होप को अर्शदीप सिंह ने क्लीन बोल्ड कर दिया. होप पांच गेंदों पर पांच रन ही बना सके. इसके बाद शिमरोन हेटमायेर ने कुछ अच्छे शॉट लगाए और 26 गेंदों पर 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.  हेटमायेर को नमन धीर ने बोल्ड किया. रोवमैन पॉवेल कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और सात गेंदों पर पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए. सैम्पसन 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे वहीं कीमो पॉल को 10 रन के निजी स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने आउट किया.  विंडीज के 6 विकेट पर 169 रन पर गिर चुके थे. अर्शदीप ने रदरफोर्ड को क्लीन बोल्ड कर अपना तीसरा शिकार किया. शेरफेन रदरफोर्ड 20 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए.  शमर स्प्रिंगर ने 11 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए वहीं रोस्टन चेज 5 रन पर नाबाद लौटे.

अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार अर्धशतक जड़े
अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बावजूद वेस्टइंडीज ने भारत को 223 रन पर समेट दिया. अभिषेक ने 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी खेलने के अलावा इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया. इस साझेदारी के टूटने के बाद हालांकि भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए जिससे टीम उम्मीद के मुताबिक रन नहीं जुटा सकी और पारी की अंतिम गेंद पर ऑल आउट हो गई.

कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया
वेस्टइंडीज की तरफ से ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए. तेज गेंदबाज शमार स्प्रिंगर और शमार जोसेफ ने भी दो-दो विकेट चटकाए लेकिन क्रमश: 50 और 54 रन लुटाए. वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शमार जोसेफ ने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (03) को कामिल पूरन के हाथों कैच करा दिया. अभिषेक ने तीसरे ओवर में रोस्टन चेस की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ बल्ले से बाउंड्री का खाता खोला. उन्होंने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर भी छक्का जड़ा.

इशान किशन ने कीमो पॉल के पहले ओवर में तेवर दिखाए
इशान किशन ने भी कीमो पॉल के पहले ओवर में तीन चौकों के साथ अपने तेवर दिखाए जबकि अभिषेक ने शमार स्प्रिंगर की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा. अभिषेक ने जोसेफ के ओवर में दो चौकों और एक छक्के के साथ सिर्फ 18 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 87 रन तक पहुंचाया. भारत के रनों का शतक आठवें ओवर में पूरा किया। इशान ने अगले ओवर में चेस पर छक्का जड़ा लेकिन उनकी अगली गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में होप के हाथों स्टंप हो गए. चेस ने इसी ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (01) को पगबाधा करके भारत को दोहरा झटका दिया.

अभिषेक स्प्रिंगर की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे
अभिषेक भी इसके बाद स्प्रिंगर की गेंद को हवा में लहराकर उन्हीं को वापस कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर एक विकेट पर 115 रन से चार विकेट पर 124 हो गया. नमन धीर (10) ने गुडाकेश मोती पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ पर स्प्रिंगर के हाथों में खेल गए. तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने 13वें ओवर में जोसेफ पर दो-दो चौके मारे. नितीश (21) हालांकि कीमो पॉल की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर होप को कैच दे बैठे.

अजीब तरीके से रन आउट हुए तिलक वर्मा
तिलक इसके बाद गैरजरूरी तरीके से रन आउट हो गए. अक्षर ने मोती की गेंद को बाउंड्री की तरफ खेला लेकिन पूरन ने शानदार बचाव किया. तिलक को लगा कि चौका लग गया है और उन्होंने क्रीज पर वापस पहुंचने की कोशिश भी नहीं की और रन आउट हो गए. अक्षर पटेल (20) भी इसके बाद रन आउट हुए जबकि जोसेफ ने पारी की अंतिम गेंद पर मयंक यादव को बोल्ड करके भारतीय पारी को समेटा.



Source link