Snake Bite | Cobra bite death | Train accident Reel | कोबरा के सामने हीरो बन रहा था तपन, सांपों से खेल में चली गई जान, दूसरा ट्रेन से कटा

Snake Bite | Cobra bite death | Train accident Reel | कोबरा के सामने हीरो बन रहा था तपन, सांपों से खेल में चली गई जान, दूसरा ट्रेन से कटा


सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील बनाने और लोगों का ध्यान खींचने की चाह कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है. ओडिशा में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाएं इसी खतरे की भयावह तस्वीर पेश करती हैं. कहीं इंस्टाग्राम के लिए जहरीले कोबरा के साथ वीडियो बनाना एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया, तो कहीं रेलवे पटरी के पास रील बनाने की कोशिश में एक लड़के की जान चली गई. पुलिस ने शनिवार को दोनों घटनाओं की जानकारी दी. हैरानी की बात यह है कि दूसरी घटना में जान गंवाने वाला लड़का इससे पहले भी रेलवे पटरी पर खतरनाक स्टंट करते हुए पकड़ा जा चुका था.

कोबरा के साथ रील बनाना पड़ा भारी

पहली घटना पुरी जिले के कंठापुर गांव की है. यहां 28 वर्षीय तपन कुमार प्रधान सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था. प्रधान जहरीले सांपों को पकड़ने और उन्हें संभालने के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करता था. इसी दौरान एक कोबरा ने उस पर हमला कर दिया और उसे कई बार डस लिया.

सांप पकड़ने की तकनीक सिखाने वाले ट्रेनर शुभेंदु मलिक के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर वीडियो बनाते समय कोबरा ने प्रधान की उंगलियों, कोहनी और बांह के ऊपरी हिस्से पर काट लिया. सांप के जहर की वजह से उसकी हालत बिगड़ गई. परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले गए. हालांकि उसकी हालत देखकर डॉक्टरों ने उसे पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया, हालांकि वहां पहुंचने तक उसी जान जा चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना पुरी सदर थाना क्षेत्र में हुई. सोशल मीडिया पर सांपों के साथ वीडियो बनाना और उन्हें पकड़ने के अपने हुनर को दिखाना प्रधान की पहचान का हिस्सा था, लेकिन इस बार कोबरा के साथ वीडियो बनाने की कोशिश जानलेवा साबित हुई.

रेलवे पटरी पर रील बनाते समय ट्रेन ने मारी टक्कर

दूसरी घटना बौध जिले की है, जहां खुर्दा-बोलांगीर रेल मार्ग पर रील बनाने के दौरान एक लड़के की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, बौंसुनी थाना क्षेत्र के तालुपाली गांव का रहने वाला लड़का शुक्रवार शाम रेलवे पटरी के पास वीडियो बना रहा था. इसी दौरान ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया.

यह लड़का पहले भी इसी तरह का खतरनाक वीडियो बनाने की कोशिश कर चुका था. पुलिस ने बताया कि इससे पहले उसे रेलवे पटरी पर ट्रेन के नीचे लेटकर रील बनाते हुए पकड़ा गया था. उस समय उसके परिवार के सदस्यों को बुलाकर ऐसी हरकतों के गंभीर और जानलेवा परिणामों के बारे में समझाया गया था. इसके बावजूद लड़का दोबारा रील बनाने के लिए रेलवे पटरी पर पहुंच गया. इस बार उसकी जान नहीं बच सकी.

लाइक्स और व्यूज की चाह में जान जोखिम में डाला

ओडिशा की ये दोनों घटनाएं सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनाए जाने वाले खतरनाक तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. जहरीले सांप के साथ वीडियो बनाना हो या रेलवे पटरी पर खड़े होकर अथवा लेटकर रील तैयार करना, ऐसी कोशिशों में एक छोटी-सी चूक भी जानलेवा हो सकती है.

रील और वीडियो के जरिये अपनी पहचान बनाना गलत नहीं है, लेकिन कुछ सेकंड के कंटेंट के लिए जिंदगी को दांव पर लगाना भारी पड़ सकता है. ओडिशा में 24 घंटे के भीतर हुई इन दो मौतों ने एक बार फिर याद दिलाया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की होड़ में सुरक्षा को नजरअंदाज करने की कीमत बेहद दर्दनाक हो सकती है.



Source link