Last Updated:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके से दिल दहलाने वाली खबर आई है. अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर 27 साल के युवा रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक शिवा ‘वंदे मातरम् चिकन’ और ‘आंगन’ नाम से रेस्टोरेंट चेन के मालिक थे. मृतक की मां ने उनकी गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि पिछले चार महीनों से लिव-इन में रह रही गर्लफ्रेंड उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रही थी. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र स्थित बालू अड्डा के पास बने अवध ग्रीन अपार्टमेंट में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर युवा रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई. इस मामले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है. पुलिस प्रशासन के सामने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं.
मृतक की पहचान लखनऊ के 27 साल के शिवा शर्मा के रूप में हुई है. ये ‘वंदे मातरम् चिकन’ और ‘आंगन’ रेस्टोरेंट चेन के मालिक थे. वे एक कैफे भी चलाते थे. पुलिस के हवाले से बताया गया कि शिवा को हदासे के तुरंत बाद अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने उनकी गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि शिवा पिछले चार महीनों से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. मां का आरोप है कि युवती लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, श्रद्धा दुबे अक्सर शिवा को झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देती थी. वह चाहती थी कि शिवा अपना कारोबार छोड़कर पूरी तरह उसी के नियंत्रण में रहे, जिसके लिए उसे विभिन्न तरीकों से ब्लैकमेक किया जा रहा था. परिवार ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले युवती ने उनकी दुकान पर आकर भी धमकी दी थी.
घटना की रात यानी शुक्रवार को लगभग 7 बजे परिजनों के पास एक फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को श्रद्धा की बहन के ड्राइवर आदिल के रूप में पेश किया और बताया कि शिवा की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है. इसके बाद परिवार को गुमराह करने के लिए अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर कटवाए गए.
जब परिवार के सदस्य किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. वहां मौजूद श्रद्धा दुबे और उसके अन्य साथी शिवा का शव दिखाकर मौके से फरार हो गए. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के बाहर एंबुलेंस के पास खड़े लोग उन्हें अकेला छोड़कर तुरंत भाग खड़े हुए.
मृतक के शरीर को देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का दावा है कि शिवा के शरीर पर केवल अंडरवियर थी और चेहरे पर मेकअप लगा हुआ था. इसके अलावा उनके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे, जो किसी दुर्घटना के नहीं बल्कि क्रूरतापूर्वक मारपीट किए जाने की ओर इशारा कर रहे थे.
परिवार ने बताया कि शिवा की दोनों आंखें, जबड़ा और पसलियां टूटी हुई थीं. शरीर पर सिगरेट से दागने के निशान भी मिले हैं. मृतक की बहन आस्थ ने भी मीडिया और पुलिस को बताया कि उन्होंने दोनों के बीच की व्हाट्सएप चैट देखी है, जिसमें लगातार उत्पीड़न के साफ सबूत मिले हैं.
इस मामले में हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए मृतका की मां की तहरीर पर मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर आदिल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है.
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस इस बात की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच कर रही है कि चौथी मंजिल से गिरने की असली परिस्थितियां क्या थीं. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या वाकई शिवा को धक्का देकर नीचे गिराया गया था या इसके पीछे कोई अन्य गहरी साजिश छिपी हुई थी.
यह दुखद घटना परिवार के लिए बड़ा आघात है. साथ ही लिव-इन रिलेशनशिप में पनप रहे विवादों और हिंसा के बढ़ते मामलों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.