Pennsylvania Shooting News: अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में अंधाधुंध फायरिंग, 2 बच्चों समेत 9 की मौत, घर में छिपे हमलावर की भी गई जान


Last Updated:

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी से दहशत फैल गई. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस घटना में दो बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हुई है. मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है, जिसका शव घर के अंदर मिला. पुलिस ने इलाके को घेरकर कार्रवाई की और बाद में घर में दाखिल हुई. अभी तक गोलीबारी की वजह, मृतकों की पहचान और उनके संदिग्ध से संबंधों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Top Deals Inside

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में अंधाधुंध फायरिंग, 2 बच्चों समेत 9 की मौतZoom

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया. एक घर के बाहर शुरू हुई फायरिंग के बाद सड़क पर दो महिलाओं के शव मिले, जबकि पुलिस जब घर के भीतर दाखिल हुई तो वहां कई और लोगों की लाशें मिलीं. स्थानीय मीडिया एरी न्यूज नाउ को मिली जानकारी के मुताबिक, इस खूनी घटना में दो बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है.

शाम 5 बजे के बाद शुरू हुई दहशत

रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम 5 बजे के कुछ ही देर बाद पुलिस को एरी शहर की पेरी स्ट्रीट के 700 ब्लॉक में गोली चलने की सूचना मिली. स्थानीय लोगों ने 911 पर फोन कर बताया कि एक व्यक्ति हैंडगन से घर के बाहर गोलियां चला रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां सड़क पर दो महिलाओं के शव पड़े मिले. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बड़ा अभियान शुरू किया, क्योंकि यह आशंका थी कि गोली चलाने वाला व्यक्ति अब भी आसपास मौजूद है और दूसरे लोगों की जान को खतरा हो सकता है.

पुलिस ने दिया सरेंडर का आदेश

पुलिस अधिकारियों और SWAT टीम ने उस घर को चारों तरफ से घेर लिया, जहां संदिग्ध हमलावर के छिपे होने की आशंका थी. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए अंदर मौजूद व्यक्ति को बार-बार बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसी दौरान दोबारा गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे पुलिस की चिंता और बढ़ गई. अधिकारियों को डर था कि घर के भीतर या आसपास दूसरे लोग भी खतरे में हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई. वहां अलग-अलग जगहों पर कई और लोगों के शव मिले. स्थानीय टीवी चैनल एरी न्यूज नाउ से बातचीत करने वाले सूत्रों के मुताबिक, मरने वालों में बच्चे भी शामिल थे. पुलिस को संदिग्ध हमलावर का शव भी घर के भीतर मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे गोली लगी थी और आशंका जताई गई कि उसने खुद को गोली मारी. हालांकि, इस बारे में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

पुलिस प्रमुख बोले- हालात बेहद परेशान करने वाले

एरी पुलिस प्रमुख रिक लोराह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जान का इतना बड़ा नुकसान बेहद दर्दनाक है और जिन हालात की जांच की जा रही है, वे काफी परेशान करने वाले हैं. उन्होंने इस घटना को पुलिसकर्मियों के सामने आए सबसे मुश्किल मामलों में से एक बताया. घटना के बाद जांचकर्ताओं और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाने और पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ने का काम शुरू कर दिया है. पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी क्यों हुई, मृतकों का संदिग्ध से क्या संबंध था और क्या सभी लोग एक-दूसरे को जानते थे. अधिकारियों ने मृतकों के नाम और उम्र भी सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद इसके असर से जूझ रहे अधिकारियों के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था की जा रही है.



Source link