Gurugram Metro: घंटों का सफर होगा मिनटों में, पालम विहार से सीधे पहुंचेंगे साइबर सिटी, नए मेट्रो ट्रैक का टेंडर जारी


Last Updated:

Gurugram Metro Update : गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस लाइन के चालू होने से पुराने और नए गुरुग्राम के बीच आना जाना आसान हो जाएगा. इस रूट के एक पैकेज के लिए अब टेंडर जारी किया गया है.

Top Deals Inside

Gurugram Metro: जाम से मिलेगी मुक्ति, पालम विहार से सीधे पहुंचेंगे साइबर सिटी Zoom

मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी रूट पर कुल 27 मेट्रो स्‍टेशन बनेंगे.

नई दिल्‍ली. गुरुग्राम की सड़कों पर रोजाना लगने वाले भारी जाम से जूझने वाले लाखों नौकरीपेशा और आम लोगों को इस परेशानी से छुटकारा मिलने की आस जगी है. शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नक्शा पूरी तरह बदलने जा रहा है. मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी के बीच मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी. अब इस रूट पर सेक्टर 9 से साइबर सिटी मेट्रो स्टेशन तक एलिवेटेड वायाडक्ट और स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है. 5 अक्‍टूबर को खुला यह टेंडर 18 नवंबर को बंद होगा.

1,662.53 करोड़ रुपये के इस टेंडर के तहत मेट्रो के लिए एलिवेटेड वायाडक्ट और कई स्टेशनों का निर्माण होगा. इस पैकेज में सेक्टर 9 स्टेशन को छोड़कर आगे के हिस्‍से में साइबर सिटी स्टेशन तक आने वाले स्‍टेशनों का निर्माण भी शामिल है. मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक तैयार हो रहे गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 28.5 किलोमीटर होगी. इसमें 26.65 किलोमीटर का मुख्य रूट और बसई गांव से द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाला 1.85 किलोमीटर का अतिरिक्त लिंक रूट शामिल है. इस पूरे रूट पर 1 डिपो और कुल 27 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे.

मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी रूट पर होंगे 27 स्‍टेशन

मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी रूट पर कुल 27 मेट्रो स्‍टेशन बनेंगे. ये हैं-मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर 45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर 48, सेक्टर 72A, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज 6, सेक्टर 10, सेक्टर 37, बसई गांव, सेक्टर 101, सेक्टर 9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर 5, अशोक विहार, सेक्टर 3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर 23A, सेक्टर 22, उद्योग विहार फेज 4, उद्योग विहार फेज 5 और साइबर सिटी.

दिल्ली मेट्रो और रैपिड रेल से जुड़ेगी गुरुग्राम मेट्रो

नए कॉरिडोर का सबसे बड़ा आकर्षण इसका मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मॉडल है. गुरुग्राम मेट्रो को दिल्‍ली मेट्रो और रैपिड रेल से भी जोड़ा जाएगा. इससे दिल्ली या एनसीआर के किसी भी कोने से आने वाले यात्री बिना जाम में फंसे आसानी से गुरुग्राम के अंदरूनी इलाकों तक आवाजाही कर सकेंगे.



Source link