Earthquake Panama Alert Tsunami: पनामा में 7.6 तीव्रता का तगड़ा भूकंप, हिल उठी राजधानी, 9 देशों पर मंडराया सुनामी का खतरा


Last Updated:

Earthquake Today News: दक्षिण अमेरिकी देश पनामा शुक्रवार सुबह कांप गया. यहां 7.6 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसके झटके राजधानी पनामा सिटी तक महसूस किए गए. इमारतें हिलने से घबराए लोग सड़कों पर निकल आए. कुछ इमारतों को नुकसान भी हुआ है. भूकंप के बाद पनामा समेत मध्य और दक्षिण अमेरिका के 9 देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया.

Top Deals Inside

पनामा में 7.6 तीव्रता का तगड़ा भूकंप, हिल उठी राजधानी, 9 देशों में अलर्टZoom

पनामा में भूकंप से तबाह बिल्डिंग.

Panama Earthquake News: पनामा में स्थानीय समय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. धरती कांपने से राजधानी पनामा सिटी में इमारतें हिलने लगीं और घबराए लोग घरों-दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर जमा हो गए. भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में खतरनाक लहरें उठने की आशंका जताई गई और मध्य तथा दक्षिण अमेरिका के 9 देशों के लिए सुनामी का खतरा बताया गया. हालांकि, अब अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने साफ कर दिया है कि सुनामी का खतरा टल गया है. फिलहाल समुद्र के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सामान्य सुरक्षा सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में दिख रहा है कि एक बिल्डिंग के ऊपर बने स्विमिंग पूल से पानी झरने की तरह गिर रहा है.

कितना तगड़ा था पनामा का भूकंप?

अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.6 मापी गई. इसका केंद्र पनामा के दक्षिणी छोर के पास, पितालोसा अरिबा नाम के दूरदराज इलाके से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. भूकंप जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में आया. शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई गई थी, जिसे बाद में अपडेट कर 7.6 कर दिया गया. इतनी शक्तिशाली तीव्रता का भूकंप इमारतों को आसानी से गिरा सकता है. सोशल मीडिया पर अब जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वह दिखाती हैं कि पनामा में काफी नुकसान हुआ है. हालांकि, नुकसान कितना हुआ, इसका आकलन किया जा रहा है. पनामा की राजधानी पनामा सिटी में भी जोरदार झटके महसूस किए गए. झटके के कारण इमारतें हिलने लगीं तो लोग डरकर बाहर भागे. पनामा के पड़ोसी देश कोलंबिया के कुछ हिस्सों में भी धरती कांप गई. एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप प्रभावित हेरेरा प्रांत के 60 साल के रोसेंडो डोमिंगेज ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि किचन में रखा सामान गिर गया. वह सुरक्षित हैं, लेकिन लोग बुरी तरह डरे हुए थे.

पनामा में भूकंप के कारण सुनामी का खतरा इन 9 देशों में मंडराया. (AI इमेज)

9 देशों पर मंडराया खतरा

भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने प्रशांत महासागर से लगे कई इलाकों में खतरनाक लहरें उठने की आशंका जताई थी. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, जिन 9 देशों के तटीय इलाकों को लेकर खतरे की बात कही गई, पनामा, कोलंबिया, कोस्टा रिका, इक्वाडोर, पेरू, निकारागुआ, ग्वाटेमाला, अल सल्वाडोर और मेक्सिको शामिल हैं. शुरुआती चेतावनी में हवाई का भी जिक्र किया गया था. हालांकि, अब सुनामी का खतरा समाप्त हो चुका है और किसी बड़े कदम की जरूरत नहीं बताई गई है. इसके बावजूद समुद्र के पास मौजूद लोगों को स्थानीय अधिकारियों की सलाह पर ध्यान देने को कहा गया है.



Source link