Last Updated:
दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रोटेस्ट का आह्वान किया हुआ है. पूरे देश से लोग नई दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. एक दिन पहले मध्य प्रदेश पुलिस और रेलवे पुलिस ने 50 से ज्यादा लोगों को रेल से डिटेन किया. अब पश्चिम मध्य रेलवे ने दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को कैंसिल कर दिया. इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है.
पश्चिम मध्य रेलवे ने दिल्ली जाने वाली 5 ट्रेनों को कैंसिल किया.
जबलपुर. दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट के चलते बढ़ती भीड़ के बीच रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. रेलवे ने दिल्ली जाने वाली पांच ट्रेनों को फिलहाल एक दिन के लिए रद्द कर दिया है. इनमें जबलपुर मंडल की 3, भोपाल मंडल की एक और कोटा मंडल की एक ट्रेन शामिल है. रेलवे ने यात्रियों को मैसेज, व्हाट्सऐप, सोशल मीडिया और अन्य समाचार माध्यमों के जरिए ट्रेनों के रद्द होने की सूचना दी है. हालांकि यात्रियों को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
रेलवे ने जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली तीन प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. इनमें गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12189 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12121 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं.
इसके अलावा भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन और कोटा से निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन भी रद्द की गई है. फिलहाल यह निर्णय एक दिन के लिए लिया गया है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है.
पश्चिम मध्य रेलवे की ये 5 ट्रेनें कैंसिल
CPRO मधुर वर्मा ने कहा, “दिल्ली जाने वाली कुल मिलाकर के 5 गाड़ियां पश्चिम मध्य रेल की है. इसमें तीन जबलपुर मंडल से चलती हैं, एक भोपाल से और एक कोटा से. इन 5 गाड़ियों को एक ट्रिप के लिए सिर्फ रद्द किया गया है क्योंकि वहां पर काफी एंटीसिपेसन है कि कल हैवी ट्रैफिक रहेगा कल. और यात्रियों के इनकन्वीनियंस को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. जबलपुर से जबलपुर-निजामुद्दीन सुपरफास्ट, महाकौशल एक्सप्रेस और एक एमपी संपर्क क्रांति कैंसिल हुई है. भोपाल से आरकेएमपी-निजामुद्दीन गाड़ी और कोटा से कोटा-निजामुद्दीन भी कैंसिल हुई है.”
एसएमएस के जरिए पैसेंजर को सूचना
जब उनसे पूछा गया कि यात्रियों की असुविधा के लिए क्या किया जा रहा है? रेलवे कुछ कंपनसेट करेगी? मधुर वर्मा ने कहा, ‘हां जी, एक्चुअली सभी जो भी फैसले लिए गए हैं, काफी सफिशिएंटली एडवांस में लिए गए हैं और लोगों को बल्क एसएमएस के उनके मोबाइल नंबर में मैसेज करवा दिया गया है. डब्ल्यूसीआर के ऑफिशियल जो सोशल मीडिया हैंडल्स हैं, उनके ऊपर बता दिया गया है, जो प्रेस ब्रीफ है वो भी दिया जा रहा है.”
वेटिंग टिकट कंफर्म, ट्रेन कैंसिल
वहीं, जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने अपनी परेशानियों को बयां किया. एक यात्री ने कहा कि उन्हें गोंडवाना से दिल्ली जाने था लेकिन ट्रेन कैंसिल हो गई. वहीं, एक अन्य यात्री ने बताया कि उनका टिकट वेटिंग में था, लेकिन कंफर्म हो गया था. उसके बाद ट्रेन ही कैंसिल हो गई. अब कह रहे हैं, दिल्ली जाने वाली कोई ट्रेन नहीं है.