Last Updated:
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मुशहरी अंचल से जुड़े कथित जमीन फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामला एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी की पुश्तैनी जमीन के कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दाखिल-खारिज कराने से जुड़ा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
मुजफ्फरपुर निलंबित CO महेंद्र शुक्ला और राजस्व अधिकारी करुण करण गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर. मुशहरी अंचल से जुड़े कथित जमीन फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. निलंबित अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला और राजस्व अधिकारी करुण करण को अहियापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामला एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी की 70 डिसमिल पुश्तैनी जमीन के कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दाखिल-खारिज कराने से जुड़ा है. बता दें कि कि इसी मामले के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से जुड़े बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच कराई गई. इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, मामले में जमीन के दस्तावेजों की प्रामाणिकता, राजस्व रिकॉर्ड में कथित बदलाव और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है. पूरा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर निवासी विजय कुमार की पुश्तैनी जमीन से संबंधित है.
70 डिसमिल पुश्तैनी जमीन का है पूरा मामला
बताया जाता है कि विजय कुमार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार में अवर सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. उनकी शिकायत के अनुसार, उनके परिवार की 70 डिसमिल जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरे लोगों के नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन के स्वामित्व से जुड़े पुराने दस्तावेजों का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर राजस्व रिकॉर्ड में नाम बदलवाने की प्रक्रिया अपनाई गई.
दस्तावेजों की प्रमाणिकता पर सवाल
शिकायतकर्ता के अनुसार, हाजीपुर के सेलमपुर कुचुनदास कोर्ट निवासी कृष्णनंदन पासवान ने जमीन का खरीदार होने का दावा किया था. विजय कुमार की शिकायत के मुताबिक, संबंधित दस्तावेज संख्या की जांच में वह किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज मिली. इसी आधार पर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए गए.
विधायक अमित रानू समेत 8 पर FIR
पूरे मामले मे विधायक अमित कुमार रानू समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी इस जमीन विवाद में बेलसंड के विधायक अमित कुमार रानू, उनके भाई अभिनव कुमार, तत्कालीन अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला, राजस्व अधिकारी करुण करण और अंचल से जुड़े कर्मचारियों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
जांच के दायरे में कई बिंदु
शिकायतकर्ता ने जमीन से संबंधित दस्तावेजों और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में कथित मिलीभगत का आरोप लगाया है. CO निलंबित अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ला के खिलाफ इससे पहले भी दाखिल-खारिज से जुड़े एक अन्य मामले में आरोप सामने आए थे.