Last Updated:
CBSE Private Board Exam Eligibility Rules: सीबीएसई बोर्ड दो तरह से परीक्षाएं करवाता है- रेगुलर और प्राइवेट. सीबीएसई 10वीं और 12वीं के प्राइवेट बोर्ड एग्जाम कौन दे सकता है, इसके नियम क्या हैं और यह रेगुलर परीक्षा से कैसे अलग है? जानिए फॉर्म भरने की योग्यता, फायदे और पूरी प्रक्रिया की जानकारी.
CBSE Private Board Exam: सीबीएसई की परीक्षा प्राइवेट कैंडिडेट के तौर पर भी दे सकते हैं
नई दिल्ली (CBSE Private Board Exam Eligibility Rules). बोर्ड परीक्षाओं का जिक्र होते ही दिमाग में स्कूल की यूनिफॉर्म, सुबह की असेंबली और सालभर की क्लासरूम पढ़ाई की तस्वीर उभरती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई स्टूडेंट्स बिना स्कूल जाए या बिना रेगुलर क्लास अटेंड किए सीधे बोर्ड परीक्षा में बैठते हैं? जी हां, सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) हर साल ऐसे स्टूडेंट्स के लिए ‘प्राइवेट कैंडिडेट’ के तौर पर परीक्षा देने का शानदार मौका देता है.
सीबीएसई बोर्ड की प्राइवेट परीक्षा क्या है?
स्टूडेंट्स और पेरेंट्स के मन में सीबीएसई की प्राइवेट परीक्षा को लेकर कई सवाल रहते हैं- फॉर्म कौन भर सकता है, रेगुलर बोर्ड परीक्षा से कैसे अलग है या इसके नियम कितने कठिन हैं? प्राइवेट स्टूडेंट्स को मेनस्ट्रीम से जोड़ने के लिए सीबीएसई ने बेहद फ्लेक्सिबल लेकिन अनुशासित नियम बनाए हैं. कोई छात्र किसी विषय में कंपार्टमेंट की वजह से अटका हो, अपने अंकों में सुधार करना चाहता हो या Correspondence के जरिए पढ़ाई पूरी करना चाहता हो, हर किसी के लिए अलग श्रेणियां तय की गई हैं.
सीबीएसई का प्राइवेट बोर्ड एग्जाम कौन दे सकता है?
सीबीएसई के तहत प्राइवेट उम्मीदवार के तौर पर परीक्षा देने के लिए बोर्ड ने कुछ खास कैटेगरीज तय की हैं. इसमें ये स्टूडेंट्स शामिल हो सकते हैं:
- असफल स्टूडेंट्स: ऐसे नियमित स्टूडेंट्स जो पिछले साल की बोर्ड परीक्षा में एक या अधिक विषयों में फेल हो गए थे.
- कंपार्टमेंट वाले छात्र: जिन्हें बोर्ड परीक्षा में कंपार्टमेंट आई थी और वे दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं.
- अंक सुधार वाले: जो छात्र पहले ही पास हो चुके हैं, लेकिन अपने प्रतिशत या मार्क्स को बेहतर बनाना चाहते हैं.
- अतिरिक्त विषय: जो छात्र एक और नया विषय पास करके अपनी योग्यता बढ़ाना चाहते हैं.
- शारीरिक रूप से विकलांग छात्र: जो दिल्ली या अन्य क्षेत्रों से नियम के तहत बिना स्कूल गए परीक्षा देना चाहते हैं.
CBSE Regular vs Private Board Exam: रेगुलर और प्राइवेट परीक्षा में क्या अंतर होता है?
सीबीएसई की रेगुलर और प्राइवेट परीक्षा के पैटर्न में कुछ अंतर होते हैं:
- स्कूल अटेंडेंस: रेगुलर छात्रों के लिए स्कूल जाना और प्रैक्टिकल क्लासेस अटेंड करना अनिवार्य होता है, जबकि प्राइवेट वालों को स्कूल जाने की जरूरत नहीं होती.
- इंटरनल असेसमेंट: रेगुलर छात्रों के इंटरनल मार्क्स उनके स्कूल के प्रोजेक्ट्स और टेस्ट के आधार पर जुड़ते हैं. वहीं, प्राइवेट छात्रों के लिए थ्योरी पेपर के मार्क्स ही मुख्य आधार होते हैं (हालांकि कुछ विषयों में प्रैक्टिकल के अलग नियम होते हैं).
- आवेदन प्रक्रिया: स्कूल रेगुलर छात्रों के फॉर्म खुद भरते हैं, जबकि प्राइवेट छात्रों को सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर खुद ऑनलाइन आवेदन करना होता है.
सीबीएसई प्राइवेट परीक्षा देने के फायदे
सीबीएसई के प्राइवेट एग्जाम देने के पीछे कई प्रैक्टिकल कारण होते हैं. सबसे बड़ा कारण है कि अगर कोई स्टूडेंट किसी पर्सनल समस्या, स्वास्थ्य कारणों या फेल होने की वजह से अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ चुका है तो वह अपना पूरा साल या करियर बर्बाद किए बिना प्राइवेट परीक्षा दे सकता है. इसके अलावा, जिन युवाओं को सरकारी नौकरी या उच्च शिक्षा के लिए अपने मार्क्स बढ़ाने होते हैं, उनके लिए ‘इम्प्रूवमेंट’ का रास्ता बेहद मददगार साबित होता है.
क्या प्राइवेट सर्टिफिकेट की वैल्यू कम होती है?
यह सबसे आम सवाल है जो ज्यादातर स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स के मन में आता है. इसका सीधा जवाब है- बिलकुल नहीं! सीबीएसई की तरफ से जारी किया जाने वाला मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट रेगुलर और प्राइवेट, दोनों कैटेगरी वाले स्टूडेंट्स के लिए समान होता है. इस पर कहीं भी नहीं लिखा होता कि आपने प्राइवेट परीक्षा पास की है. देश के किसी भी कॉलेज, यूनिवर्सिटी या सरकारी विभाग में यह सर्टिफिकेट बिल्कुल मान्य होता है.