Last Updated:
Akhilesh Yadav: सपा चीफ अखिलेश यादव अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्य तिथि पर सैफई पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी फॉर्म-7 (फॉर्म-6 क्लॉज-डी) का उपयोग करके सपा को मतदताओं का वोट काटा जा रहा है. इसके लिए उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया है.
सैफई में अखिलेश यादव
सैफई: समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव सैफई में मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं. उन्होंने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगया कि बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा के साथ सपा के समर्थकों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्ययक) समाज के वोट कटवा रही है. अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि उत्तर प्रदेश का आगामी चुनाव बीजेपी जीत गई, तो भविष्य में जनता से वोट डालने का अधिकार भी छीन लिया जाएगा.
अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर के दौरान सपा के पीडीए प्रहरियों ने उन लोगों को पकड़ा है जो फर्जी फॉर्म-7 भर रहे थे. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सुल्तानपुर में नंदलाल निषाद के फर्जी हस्ताक्षर करवाकर सपा के वोट काटे गए, जबकि वह हस्ताक्षर करना जानते ही नहीं और केवल अंगूठा लगाते हैं. इसी तरह लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा में दशरथ नाम के व्यक्ति से 100 से अधिक फॉर्म-7 भरवाए गए, जबकि नियम के अनुसार कोई भी व्यक्ति 5 से ज्यादा फॉर्म नहीं भर सकता. बिधूना में भी सपा के नगर अध्यक्ष के फर्जी साइन करके वोट काटे जाने का मामला सामने आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्शन कमीशन को इसकी जानकारी दी गई.
मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्य तिथि पर अखिलेश यादव का हमला.
चोर की दाढ़ी में तिनका
पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वहां टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी हारी नहीं थीं, बल्कि 3 लाख से ज्यादा फोर्स लगाकर चुनाव को लूटा गया था. भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इंडिया ब्लॉक को ‘अराजक’ बताए जाने के सवाल पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर है, ऐसे में बीजेपी सामने आकर उसका बचाव क्यों कर रही है? यह साफ तौर पर ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ वाली कहावत को चरितार्थ करता है. उन्होंने कहा कि आज देश के हर हिस्से से आवाज आ रही है कि आयोग में बैठे लोग बेईमानी कर रहे हैं और एक जगह से तय किया जा रहा है कि वोटर लिस्ट में किसका नाम रहेगा.
2027 के चुनाव को लेकर बड़ी चेतावनी
उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने बड़ा ऐलान किया कि सबसे बड़ी परीक्षा यूपी में होने जा रही है और लगभग 50 दिनों के भीतर चुनाव की तारीखें आ जाएंगी. उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि यदि इस बार यूपी में बीजेपी जीत गई, तो भविष्य में जनता से वोट डालने का अधिकार भी छीन लिया जाएगा और लोकतंत्र पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. इसलिए उत्तर प्रदेश का किसान, नौजवान, व्यापारी और पीडीए समाज मिलकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगा. इस दौरान उन्होंने किसानों की बदहाली और राहुल गांधी की हिरासत से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा.