Last Updated:
Bangladeshi Infiltrators News: भारत की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए 18 संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठियों के मेघालय की सीमा से भारत में घुसने की बात सामने आई है. इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. सूचना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों से ये लोग भारत के अलग-अलग हिस्सों में जाने की तैयारी में हैं. इसी को लेकर बिहार समेत कई राज्यों को अलर्ट किया गया है, वहीं मुजफ्फरपुर में भी ट्रेनों में जांच तेज कर दी गई है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
18 संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठी भारत में घुसे, मुजफ्फरपुर में सघन जांच
मुजफ्फरपुर. भारत में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवेश की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं. मेघालय के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले 18 संदिग्धों को लेकर कई राज्यों में सतर्कता बढ़ाए जाने की खबर है. इसी कड़ी में बिहार के मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी रेल पुलिस ने ट्रेनों की जांच तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि संदिग्ध घुसपैठी जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस से सफर कर रहे हैं. इसको लेकर जिन राज्यों से यह गाड़ी गुजर रही है, उन राज्यों को अलर्ट किया गया है.
रेल एसएसपी बीना कुमारी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद रेल थानों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है. जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के मेघालय सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश करने की आशंका जताई गई है और सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है. इनपुट के अनुसार, जम्मूतवी-अमरनाथ एक्सप्रेस से संदिग्धों के सफर करने की आशंका को लेकर उन राज्यों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है, जहां से ट्रेन गुजरती है. बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पुलिस मुख्यालयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाने की जानकारी है.
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ट्रेनों की जांच तेज
अलर्ट के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेल पुलिस सक्रिय हो गई है. स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है. रेल पुलिस की टीमें अलग-अलग ट्रेनों में तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके. मुजफ्फरपुर रेल एसएसपी बीना कुमारी ने बताया कि वरिष्ठ स्तर से निर्देश मिलने के बाद रेल थानों और स्टेशनों पर जांच तेज कर दी गई है. मुजफ्फरपुर में भी विभिन्न ट्रेनों की जांच की जा रही है. पुलिस को सतर्क रहने और निर्देशों के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा गया है.
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, यात्रियों की निगरानी बढ़ी
लंबी दूरी की ट्रेनों से संदिग्ध लोगों के दूसरे राज्यों तक पहुंचने की आशंका के मद्देनजर रेलवे और पुलिस के बीच सतर्कता बढ़ाई गई है. जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां संबंधित सूचनाओं के आधार पर निगरानी कर रही हैं. फिलहाल मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस का जोर ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सघन जांच पर है. अधिकारियों के निर्देश के अनुसार अभियान जारी है.