Last Updated:
Dhirendra Shastri-Ludhiana Controversy: बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के दौरान एक टिप्पणी की थी. इस पर पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी नाराज हो गए हैं और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई है. क्या है पूरा मामला, जानिए…
Dhirendra Shastri-Ludhiana Controversy: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की एक टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया है. पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बात स्वीकार नहीं की जा सकती हैं. शाही इमाम ने धीरेंद्र शास्त्री से अपने बयान के लिए माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
धार्मिक टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, लुधियाना में एक धार्मिक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने अनुयायियों को संबोधित करते हुए इस्लाम धर्म को लेकर टिप्पणी की थी. इस टिप्पणी को लेकर उन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप लगाए जा रहे हैं. शाही इमाम ने कहा कि पंजाब हमेशा से हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदायों के बीच आपसी भाईचारे और एकता का प्रतीक रहा है. ऐसे में किसी भी व्यक्ति को धार्मिक मुद्दों पर बयान देते समय सभी धर्मों की भावनाओं और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.
उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर वे अपने शब्द वापस लेकर माफी मांगते हैं, तो बेहतर होगा. ऐसा नहीं होने पर पंजाब पुलिस से शिकायत की जाएगी और कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा.
धीरेंद्र शास्त्री ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से भी अपनी बात रखी गई. उन्होंने कहा कि वे किसी धर्म, मजहब या परंपरा के खिलाफ नहीं हैं. उनका विरोध उन रूढ़िवादी विचारों और प्रथाओं से है, जिनसे समाज में अराजकता फैलती है, धर्मांतरण होता है या देश का माहौल खराब होता है. उन्होंने अपने उद्देश्य को ‘जागो और जगाओ’ बताया है.
शाही इमाम ने की माफी की मांग
शाही इमाम ने धीरेंद्र शास्त्री से टिप्पणी वापस लेने और माफी मांगने की मांग की है. वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान को लेकर अपना पक्ष भी साफ किया है. फिलहाल, इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, यही चर्चा का विषय बनी हुई है.