न इलेक्ट्रिक घंटी, न बैटरी की झंझट!.. पहाड़ों में मशहूर है तिमूर की लकड़ी और पीतल से बनी यह खास डोरबेल

न इलेक्ट्रिक घंटी, न बैटरी की झंझट!.. पहाड़ों में मशहूर है तिमूर की लकड़ी और पीतल से बनी यह खास डोरबेल


Last Updated:

उत्तराखंड की पारंपरिक तिमूर की लकड़ी को देहरादून की तृप्ति थापा ने नया रूप दिया है. उन्होंने तिमूर की लकड़ी और पीतल की घंटियों से एक अनोखी डोरबेल तैयार की है, जो सरस फूड फेस्टिवल में लोगों का ध्यान खींच रही है. स्थानीय मान्यताओं में तिमूर की लकड़ी को घर की सुरक्षा और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा जाता है. जानें इस खास उत्पाद की कहानी और पहाड़ी संस्कृति से इसका जुड़ाव.

Top Deals Inside

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ों पर रोगो से लेकर नकरात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए कई औषधियां और उपाय मौजूद होते हैं. ऐसी ही तिमूर की लकड़ी भी है जो नेगेटिविटी को दूर करती है. देहरादून की स्थानीय निवासी तृप्ति थापा ने पहाड़ी संस्कृति और औषधीय गुणों से भरपूर तिमूर के पेड़ के महत्व को एक नए और इनोवेटिव रूप में पेश किया है. तिमूर एक ऐसा पारंपरिक पेड़ है जिसके पत्ते, बीज और लकड़ी सभी बेहद फायदेमंद और काम के माने जाते हैं. आयुर्वेद और स्थानीय परंपराओं में तिमूर को दांतों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माना गया है. तृप्ति थापा ने इसी बहुउपयोगी तिमूर की लकड़ी का इस्तेमाल करके एक अनोखी और प्राकृतिक डोरबेल तैयार की है, जो न केवल देखने में सुंदर है बल्कि इसके सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मायने भी हैं.

तिमूर की लकड़ी और पीतल से बनाया डोरबेल

तृप्ति बताती हैं कि उन्होंने अपने घर के बुजुर्गों से सुना था कि तिमूर की लकड़ी में नकारात्मक ऊर्जा और भूत-प्रेत आदि को घर में प्रवेश करने से रोकने की शक्ति होती है. इसी पौराणिक मान्यता के कारण पुराने समय में लोग अपने घरों के मुख्य द्वार और बाहर तिमूर की लकड़ी लटका कर रखते थे. इसी परंपरा को आधुनिक जीवनशैली से जोड़ते हुए उन्होंने तिमूर की लकड़ी में पीतल की घंटियां लगाकर एक प्राकृतिक डोरबेल का रूप दे दिया है. उनका मानना है कि यह बेल घर के माहौल को शुद्ध और सकारात्मक बनाती है.

सरस फूड फेस्टिवल में खींचा सबका ध्यान

तृप्ति थापा ने कहा कि शहरों में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रिक डोरबेल कुछ ही समय में खराब हो जाती हैं लेकिन तिमूर और पीतल से बनी यह बेल जिंदगी भर चलती है. पीतल की धातु कभी खराब नहीं होती और इसकी मधुर ध्वनि घर में सुख-शांति का अहसास कराती है. इलेक्ट्रिक डोरबेल की जगह अगर इस प्राकृतिक बेल को घर के दरवाजे पर लगाया जाए, तो यह न सिर्फ घर से नकारात्मक ऊर्जा को दूर भगाएगी बल्कि सकारात्मक ऊर्जा के प्रवेश का मार्ग भी प्रशस्त करेगी.

तृप्ति थापा इस खास डोरबेल को सरस फूड फेस्टिवल में बेच रही हैं, जहाँ लोगों द्वारा इसे खूब पसंद किया जा रहा है. मेले में आने वाले लोग इस इनोवेटिव सोच की काफी तारीफ कर रहे हैं. खासकर नई पीढ़ी के युवाओं के लिए यह उत्पाद बेहद अलग और कौतूहल से भरा हुआ है, क्योंकि आज के दौर में युवाओं को पहाड़ की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक औषधीय पौधों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती है. यह डोरबेल युवाओं को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का एक बेहतरीन जरिया बन रही है.

नरसिंह भगवान के मंदिर में भी है तिमूर की लकड़ी का महत्व

उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं में तिमूर की लकड़ी का बहुत ही पवित्र स्थान है. तृप्ति ने बताया कि तिमूर की लकड़ी का इस्तेमाल न सिर्फ घरों में सुरक्षा और सजावट के लिए किया जाता है, बल्कि इसे प्रसिद्ध नरसिंह भगवान के मंदिर में भी श्रद्धापूर्वक रखा जाता है. यही वजह है कि तिमूर की लकड़ी को अत्यंत शुभ और पूजनीय माना गया है. तृप्ति थापा का यह प्रयास पहाड़ी विरासत को सहेजने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है.



Source link