Last Updated:
सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने करियर में रोमांस से लेकर एक्शन और कॉमेडी तक कई तरह के किरदार निभाए हैं. शाहरुख खान ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, लेकिन इस फेहरिस्त में एक नाम ऐसा भी है जिसके बारे में यंग जेनरेशन को शायद ही पता होगा. आज जी5 पर मौजूद शाहरुख खान की बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताते हैं-
नई दिल्ली. शाहरुख खान ने करियर की शुरुआत में डर, बाजीगर जैसी फिल्मों में नेगेटिव रोल अदा किया था. उनकी शुरुआती फिल्मों में शामिल ‘किंग अंकल’ भी ऐसी ही एक फिल्म है, जिसमें वह जैकी श्रॉफ के साथ नजर आए थे. साल 1993 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन राकेश रोशन ने किया था. फिल्म में जैकी श्रॉफ, शाहरुख खान, नागमा, अनु अग्रवाल, पूजा रूपारेल और परेश रावल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे.
फिल्म ‘किंग अंकल’ की कहानी अशोक बंसल नाम के एक अमीर कारोबारी के इर्द-गिर्द घूमती है. अशोक अपनी जिंदगी में अनुशासन और पैसों को सबसे ज्यादा अहमियत देता है. उसकी सख्त सोच के कारण परिवार के लोगों के साथ उसके रिश्ते भी प्रभावित होते हैं. कहानी में एक बच्ची मुन्ना की एंट्री होती है, जो अशोक की जिंदगी और सोच को बदलने में अहम भूमिका निभाती है.
हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में ‘करण अर्जुन’ का नाम आज भी खास जगह रखता है. साल 1995 में रिलीज हुई इस फिल्म में शाहरुख खान और सलमान खान पहली बार भाइयों के रूप में पर्दे पर नजर आए थे. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राखी गुलजार, काजोल, ममता कुलकर्णी, अमरीश पुरी, रंजीत और जॉनी लीवर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्म की कहानी दुर्गा नाम की एक मां और उसके दो बेटों करण तथा अर्जुन के इर्द-गिर्द घूमती है. ठाकुर दुर्जन सिंह की दुश्मनी के कारण दोनों भाइयों की हत्या कर दी जाती है. अपने बेटों को खोने के बाद दुर्गा को विश्वास रहता है कि वे एक दिन वापस लौटेंगे. कहानी में पुनर्जन्म का मोड़ आता है, जिसके बाद दोनों भाई नए रूप में जन्म लेते हैं और धीरे-धीरे अपने पिछले जन्म की यादों से जुड़ने लगते हैं. शाहरुख खान और सलमान खान की फिल्म ‘करण अर्जुन’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. फिल्म की रिलीज के 30 साल बाद साल 2024 में ‘करण अर्जुन’ री रिलीज हुई थी.
साल 1996 में रिलीज हुई ‘आर्मी’ में शाहरुख खान ने श्रीदेवी के साथ लीड रोल अदा किया था. राम शेट्टी के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म में श्रीदेवी मुख्य भूमिका में थीं, जबकि शाहरुख खान ने अहम किरदार निभाया था. फिल्म की स्टारकास्ट में डैनी डेन्जोंगपा, मोहनिश बहल, रोनित रॉय, सुदेश बेरी और रवि किशन जैसे कलाकार भी शामिल थे.फिल्म में शाहरुख खान ने मेजर अर्जुन सिंह का किरदार निभाया था, जबकि श्रीदेवी ने गीता की भूमिका में अपने अभिनय से कहानी को आगे बढ़ाया. ‘आर्मी’ में एक्शन, भावनाओं और बदले की कहानी देखने को मिलती है. इस फिल्म को जी5 पर देखा जा सकता है.
शाहरुख खान की रोमांटिक फिल्मों की बात हो और ‘परदेस’ का जिक्र न आए, ऐसा कम ही होता है. साल 1997 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन सुभाष घई ने किया था. फिल्म में शाहरुख खान के साथ महिमा चौधरी और अपूर्व अग्निहोत्री मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. इसके अलावा अमरीश पुरी, आलोक नाथ और हिमानी शिवपुरी जैसे कलाकारों ने भी कहानी में अहम भूमिका निभाई थी. इस फिल्म से महिमा चौधरी ने हिंदी सिनेमा में अपनी शुरुआत की थी.
शाहरुख खान को रोमांटिक हीरो के रूप में खूब पसंद किया गया, लेकिन उनके करियर में कई ऐसी फिल्में भी हैं, जिनमें उन्होंने एक्शन और गंभीर किरदार निभाए. साल 1997 में रिलीज हुई ‘कोयला’ इसी तरह की फिल्म है. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थीं. फिल्म की स्टारकास्ट में अमरीश पुरी, रंजीत, सलीम गौस, जॉनी लीवर और अशोक सराफ जैसे कलाकार भी शामिल थे. ‘कोयला’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप थी.
साल 2002 में रिलीज हुई ‘शक्ति: द पावर’ एक ऐसी फिल्म है, जिसमें परिवार, मां के संघर्ष और अपराध की दुनिया के बीच फंसी एक महिला की कहानी दिखाई गई है. कृष्णा वामसी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करिश्मा कपूर और नाना पाटेकर मुख्य भूमिकाओं में थे. संजय कपूर, जया गिडवानी, दीप्ति नवल और दिव्या दत्ता सहित कई कलाकारों ने भी फिल्म में अहम किरदार निभाए थे. शाहरुख खान इस फिल्म में खास भूमिका में नजर आए थे.