Last Updated:
नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है. मेकर्स ने फिल्म के दो सबसे अहम किरदारों के पोस्टर्स जारी कर दिए हैं. इन पोस्टर्स में लारा दत्ता महारानी कैकेयी के लुक में नजर आ रही हैं. वहीं, मेकर्स ने ‘रामायण’ की मंथरा के किरदार से भी पर्दा उठा दिया, जिसे शीबा चड्ढा निभा रही हैं. दोनों ही ‘रामायण’ के मुख्य किरदार हैं, जिनकी वजह से अयोध्या का इतिहास बदल गया.
मेकर्स ने ‘रामायण’ के दो नए पोस्टर्स जारी किए. (फोटो साभार: X@WorldOfRamayana)
नई दिल्ली. बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज है. इसमें वह भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आने वाले हैं और माता सीता का रोल साई पल्लवी निभा रही हैं. इसी बीच मेकर्स ने फिल्म के दो बेहद अहम किरदारों से पर्दा उठाते हुए नए पोस्टर्स जारी कर दिए हैं. इनमें लारा दत्ता महारानी कैकेयी और शीबा चड्ढा मंथरा के किरदार में नजर आ रही हैं.
दोनों पोस्टर रामायण की कहानी के उस मोड़ की झलक पेश करते हैं, जहां से प्रभु श्रीराम की नियति और अयोध्या का भविष्य हमेशा-हमेशा के लिए बदल गया. महारानी कैकेयी के दो वरदान ने राजा दशरथ को कड़ा फैसला लेने पर विवश कर दिया था. वहीं, मंथरा की बातों ने कैकेयी की बुद्धि को भ्रमित करने का काम किया. ये दोनों ही ऐसे किरदार हैं, जिनकी वजह से रामायण की पूरी कहानी एक नया मोड़ लेती है.
लारा दत्ता और शीबा चड्ढा के शानदार लुक्स
पोस्टर में लारा दत्ता को महारानी कैकेयी के शाही और राजसी अंदाज में दिखाया गया है. भारी गहनों से सजा उनका लुक अयोध्या की महारानी के भव्य रुतबे को बयां करता है. दूसरी ओर, शीबा चड्ढा मंथरा के रूप में बिल्कुल अलग और अनोखे लुक में नजर आ रही हैं, जहां वह छड़ी थामे दिखाई दे रही हैं. मेकर्स ने इन पोस्टर्स को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ‘एक रानी और एक मां. दो ऐसे वरदान, जिन्होंने एक पिता के अटूट प्रेम के साथ छल किया और श्रीराम की नियति को हमेशा के लिए बदल दिया. एक शातिर दिमाग, जिसने मां के प्यार को साम्राज्य के सबसे बुरे दौर में बदल दिया.’