Last Updated:
बैंकों के जरिए काले धन और फ्रॉड की रकम को सफेद बनाने में कई गिरोह लगे रहते हैं. ये काले धन को सफेद बनाने के लिए तमाम तरह के हथकंडे अपनाते हैं औऱ कई बार ये पूरी तरह से फ्रॉड के जरिए इकट्ठा की गई ऑनलाइन रकम को विभिन्न खातों के जरिए सफेद धन बनाते हैं. मुजफ्फरपुर से फ्रॉड का ऐसा ही मामला सामने आया है.
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से बैंक के खाता धारकों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां मुजफ्फरपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के खाता धारकों से 1.29 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है. इस मामले में ईडी ने छह आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की है. मिली जानकारी के मुताबिक, मोबाइल सिम बदलकर खातों से रुपये निकाले गए हैं. चार बैंक खातों में 83 लाख रुपये मिले हैं जिन्हें फ्रीज कर दिया गया है.
ये हैं आरोपी
ईडी ने पटना स्थित धनशोधन निवारण अधिनियम पीएमएलएल की विशेष अदालत में शिकायत दाखिल कर आरोपितों को दोषी ठहराने की मांग की. आरोपी मोहम्मद जफर इकबाल, नितेश कुमार सिंह, संतोष आनंद, राजेश कुमार, मंझय कुमार सिंह और कुंदन कुमार आरोपी हैं.
ईडी ने बिहार पुलिस की तरफ से दर्ज दो एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी. ईडी के मुताबिक, जफर इकबाल और उसके सहयोगियों ने पीएनबी के अधिकारी नितेश कुमार सिंह की मदद से खाताधारकों के खातों से रुपये निकाल लिए. इसके लिए मोबाइल सिम की अदला-बदली की गई जिससे खाताधारकों को लेनदेन का संदेश नहीं मिल सका.
चार खातों में मिले 83 लाख रुपये
ईडी ने 11 दिसंबर 2025 को आरोपितों से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी. तलाशी के दौरान चार बैंक खातों में अपराध से अर्जित 83 लाख रुपये का पता चला जिसे फ्रीज कर दिया गया. जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को अलग-अलग शहरों में मौजूद बैंक खातों में भेजा गया. हवाला और एटीएम के जरिये नकद जमा कर रकम जफर इकबाल के निजी खातों और उसकी फर्म तक पहुंचाई गई और आरोपितों के बीच बांट दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.
गया मानपुर SBI की तत्कालीन फील्ड ऑफिसर पर 7.96 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
दूसरी तरफ बिहार में ही भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गया स्थित मानपुर शाखा में फर्जीवाड़े की खबर सामने आई है. यहां फर्जी दस्तावेजों के सहारे 68 ओवरड्राफ्ट खाते खोलकर बैंक को 7.96 करोड़ रुपये की चपत लगाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है.
ईडी ने तत्कालीन फील्ड अधिकारी प्रीति सिंह के खिलाफ पटना स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में अभियोजन शिकायत दाखिल की है. इसमें आरोपित के खिलाफ मुकदमा चलाने और सजा देने की मांग की गई है.