Last Updated:
जब फिल्म ‘काला हिरण’ का टीजर और पोस्टर रिलीज हुआ था, तब सलमान खान ने इसके कॉन्टेंट पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि फिल्म उनकी इमेज को नुकसान पहुंचा सकती है. उन्होंने फिल्ममेकर पर अनुमति के बिना उनकी पर्सनैलिटी का फिल्म में इस्तेमाल करने का आरोप मढ़ा. सलमान खान के मुकदमे पर फिल्म की रिलीज अटक गई. फिल्म मेकर ने याचिका दायर करके इसे हटाने की मांग की. केस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सलमान खान को याचिका पर 4 हफ्ते के अंदर जवाब देने को कहा है.
सलमान खान फिल्म को रिलीज होने देना नहीं चाहते.
नई दिल्ली: फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माता ने याचिका दायर की थी. उन्होंने अदालत से मांग की है कि सलमान खान ने फिल्म पर रोक लगाने के लिए जो मुकदमा दायर किया था, उसे वापस लेने का निर्देश दिया जाए. याचिका पर सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिनेता सलमान खान को इस पर जवाब देने के लिए चार हफ्ते का समय दिया है. निर्माता का तर्क है कि सलमान की ओर से दायर मुकदमे में दिल्ली की अदालत के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र का अभाव है. हाईकोर्ट ने इस याचिका पर सलमान खान से जवाब मांगा है. जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट की ओर से चार हफ्ते का समय दिया गया है. अब मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी.
फिल्म ‘काला हिरण’ पर विवाद फिल्म का पोस्टर और टीजर सामने आने के बाद शुरू हुआ. सलमान की तरफ से आरोप लगाया गया कि फिल्म में एक ऐसा किरदार दिखाया गया है, जो काफी हद तक उनसे मिलता-जुलता है. उस किरदार के हाथ में सलमान खान जैसा मशहूर ब्रेसलेट भी नजर आया. सलमान का कहना है कि यह सब उनकी पहचान से जोड़कर दिखाया जा रहा है और उनकी अनुमति के बिना फिल्म में उनकी पर्सनैलिटी का इस्तेमाल किया गया है.
सलमान खान को नुकसान की आशंका
फिल्म के टीजर में साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़े सीन भी दिखाए गए हैं. यह वही मामला है, जिससे सलमान खान का नाम लंबे समय से जुड़ा रहा है. सलमान की तरफ से कोर्ट में कहा गया कि फिल्म में उनके जीवन से जुड़े विवाद को कहानी का हिस्सा बनाया गया है और इसका इस्तेमाल फिल्म के प्रचार के लिए भी किया जा रहा है. उनका कहना है कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है और उनकी पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन हो रहा है.
डायरेक्टर ने सलमान की आपत्ति पर दिया जवाब
फिल्म के डायरेक्टर भरत एस. श्रीनेत का कहना है कि यह फिल्म सलमान खान पर नहीं है. फिल्म का किरदार काल्पनिक है और उसका नाम ‘अयान खान’ रखा गया है. डायरेक्टर ने ब्रेसलेट को लेकर भी कहा था कि ऐसा ब्रेसलेट सिर्फ सलमान खान ही नहीं पहनते. वहीं अभिनेता को सलमान जैसा दिखाने के लिए किसी तरह का प्रोस्थेटिक मेकअप नहीं किया गया है. दिल्ली हाईकोर्ट ने 27 जुलाई को सलमान खान की आपत्ति पर फिल्म के टीजर और उससे जुड़ी कुछ कॉन्टेंट के ऑनलाइन लिंक हटाने का अंतरिम आदेश दिया था.