Last Updated:
Rajasthan Panchayat Election: राजधानी जयपुर से भारतीय जनता पार्टी की दो बड़ी और अहम खबरें सामने आ रही हैं. एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर के 25 साल बेमिसाल के तहत पूरे प्रदेश में 1200 नुक्कड़ नाटकों का विशाल अभियान शुरू होने जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर आज बीजेपी मुख्यालय में ओबीसी मोर्चा की बड़ी बैठक बुलाई गई है.
पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे हो गए.
जयपुर. राजधानी जयपुर में ‘मोदी के 25 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत प्रदेशभर में 1200 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे. 10 से 13 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में नाटक और नाट्य मंचन के जरिए लोगों तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाई जाएंगी. ‘नमो अनकही कहानियों’ के तहत इस अभियान की जिम्मेदारी 50 टीमों को दी गई है. हर टीम में 6 अभिनेता होंगे. प्रतिदिन नुक्कड़ नाटकों के 6 मंचन किए जाएंगे.
अमूमन चुनाव आते ही हर तरफ नेताओं की भाषणबाज़ी और रैलियों का शोर मचने लगता है. लेकिन इस बार बीजेपी ने ग्रामीण वोटर्स को साधने के लिए अपनी रणनीति बदल दी है. पार्टी जानती है कि गांवों में नुक्कड़ नाटक सदियों से लोगों के मनोरंजन और आपसी संवाद का सबसे असरदार माध्यम रहे हैं. इसी पारंपरिक तरीके को हथियार बनाते हुए बीजेपी की टीमें गली-मोहल्लों और चौपालों पर जाकर नाटक खेलेंगी.
गांव-गांव तक पहुंचेगा संदेश
निकाय चुनाव निपटने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों की नजरें पंचायती राज चुनाव पर टिक गई हैं. ऐसे में बीजेपी केवल बड़े-बड़े सम्मेलनों तक सीमित न रहकर सीधे गांव-गांव के चौराहे तक पहुंचना चाहती है. नाटकों के इस अनोखे मंच के जरिए जहां एक तरफ ग्रामीणों का मनोरंजन होगा. वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी योजनाओं की सीधी छाप उनके मन पर छोड़ी जाएगी.
राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी के ओबीसी मोर्चे की अहम बैठक आज जयपुर में होगी. सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य भी शामिल होंगे. पंचायत चुनाव को देखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में ओबीसी मोर्चे की भूमिका और चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.