Last Updated:
AICWA Condemns Tanushree Dutta: नाना पाटेकर के निधन के बाद तनुश्री दत्ता के ‘इविल डेड’ वाले बयान पर भयंकर बवाल मच गया है. AICWA ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे इंसानियत के खिलाफ बताया है और तनुश्री को अपनी जुबान पर कंट्रोल रखने की साफ हिदायत दी है.
AICWA ने लगाई तनुश्री दत्ता की क्लास (फोटो साभार-@aicwaofficial)
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद पूरा देश और फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूबी हुई है. इस बीच अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर को लेकर एक विवादित बयान दे दिया है. तनुश्री दत्ता ने उन्हें इविल डेड कह दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है.
इस आपत्तिजनक टिप्पणी पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी ‘AICWA’ ने कड़ी आपत्ति जताई है और तनुश्री के बयान की सख्त शब्दों में निंदा की है.
AICWA ने तनुश्री को लगाई फटकार
AICWA के प्रेसिडेंट इंजीनियर सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि किसी इंसान की मौत के बाद ऐसे कड़े और घटिया शब्दों का इस्तेमाल करना इंसानियत के बिल्कुल खिलाफ है. उन्होंने आगे कहा कि आज तक हमारी फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में किसी के निधन पर किसी ने भी इतना गैर जिम्मेदाराना बयान नहीं दिया है. सुरेश गुप्ता ने कहा कि तनुश्री दत्ता पहली ऐसी इंसान हैं जिन्होंने ऐसा किया और हम दुआ करते हैं कि वह आखिरी हों. उन्होंने कहा- ये आपका माइंडसेट दिखाता है. देश ने अपना बच्चा खोया है और आप इस तरह की बातें कर रही हैं चीप पब्लिसिटी के लिए.
नाना पाटेकर के देश और समाज में योगदान
AICWA प्रेसिडेंट ने नाना पाटेकर को याद करते हुए उनके सामाजिक कामों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पूरा देश और पूरी इंडस्ट्री इस वक्त गहरे शोक में है. नाना पाटेकर पद्मश्री से सम्मानित महान कलाकार थे. उन्होंने कारगिल युद्ध के समय देश की निस्वार्थ सेवा की थी. इसके अलावा उनका नाम फाउंडेशन संकट के दौर में हमेशा गरीब किसानों और उनके परिवारों की मदद के लिए डटकर खड़ा रहा. ऐसे महान इंसान के जाने पर पूरी इंडस्ट्री उनके परिवार के साथ खड़ी है.
जुबान पर कंट्रोल रखने की दी हिदायत
सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने तनुश्री दत्ता को खरी खरी सुनाते हुए अपनी जुबान पर कंट्रोल रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोग अच्छे से जानते हैं कि दुख के ऐसे मौके पर कब बोलना है और कब खामोश रहना है. तनुश्री के लखनऊ इवेंट वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आपका प्रोग्राम लखनऊ में हो या लंदन में, किसी को उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है. जिस दिन पूरा देश एक महान कलाकार को खोने के गम में डूबा है, उस दिन अपनी पर्सनल योजनाओं की शेखी बघारना बहुत छोटी सोच को दिखाता है. AICWA ने तनुश्री को सिर्फ अपने काम से मतलब रखने की साफ हिदायत दी है. उन्होंने कहा कि आपका कौन सा इवेंट है क्या है इसे जानने में किसी को इंट्रेस्ट नहीं है आप क्या कर रही हैं ये कोई नहीं जानना चाहता, लेकिन नाना पाटेकर जैसे महान कलाकार के बारे में हर किसी को जानने में रुची है. तो आप अपने काम से मतलब रखिए.