ट्रंप के झटके पर भारी पड़ा टाटा का दम, PERM बैन बेअसर, 6% उछला शेयर

ट्रंप के झटके पर भारी पड़ा टाटा का दम, PERM बैन बेअसर, 6% उछला शेयर


नई दिल्‍ली. अमेरिका ने टीसीएस सहित कई भारतीय आईटी कंपनियों पर परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) के संस्‍पेंशन का चाबुक चलाया है. लेकिन, डोनाल्‍ड ट्रंप का यह पीईआरएम वार बेअसर ही साबित हुआ है. दलाल स्ट्रीट पर टाटा के दम का सिक्का चल रहा है और आज टाटा कंसल्‍टेंसी सर्विसेज का शेयर 6 फीसदी उछल गया है. वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजों के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार खुलते ही निवेशकों ने ट्रंप के वीजा प्रतिबंधों के डर को सिरे से खारिज कर दिया. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से होने वाली बंपर कमाई और सॉलिड डील्स के बूते TCS का शेयर रॉकेट बन गया है. TCS के साथ ही आज विप्रो, कोफोर्ज, एमफैसिस, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और HCL टेक में भी जोरदार तेजी आई है.

आज 9 अक्‍टूबर को इंट्राडे में तो टीसीएस शेयर छह फीसदी से ज्‍यादा उछलकर 2202.90 पर जा पहुंचा. समाचार लिखें जाने तक यह 4.62 फीसदी के उछाल के साथ 2,162.60 रुपये पर जा पहुंचा. टाटा के इस शेयर ने न सिर्फ खुद छलांग लगाई, बल्कि पूरे निफ्टी IT इंडेक्स में नई जान फूंक दी. निफ्टी IT इंडेक्स 3.39 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 28,675.65 के स्तर पर पहुंच गया. आज सेंसेक्स में भी तेजी है और यह 740 अंक चढ़कर 72,333 और निफ्टी 243 अंक की बढ़त के साथ 22,474 पर कारोबार कर रहा है.

TCS का संस्‍पेशन पर जवाब- हमें फर्क नहीं पड़ता

अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा वीजा धोखाधड़ी और लेबर नियमों के उल्लंघन के आरोप में TCS समेत भारत की शीर्ष टेक कंपनियों के PERM प्रोसेस को सस्पेंड कर दिया है. ऐसा माना जा रहा था कि इसका टीसीएस पर बुरा असर होगा. लेकिन, शानदार तिमाही नतीजों ने अमेरिका के इस कदम को बेअसर कर दिया है. TCS ने शुक्रवार को कहा कि इस निलंबन से उसकी हायरिंग रणनीति या क्लाइंट रिलेशनशिप पर कोई असर नहीं पड़ने वाला. कंपनी ने स्पष्ट किया कि पिछले दो वर्षों में उसके PERM आवेदनों की संख्या महज इकाई अंकों (सिंगल डिजिट) में रही है. कंपनी ने कहा कि अगले पांच वर्षों में अमेरिका में 15,000 अतिरिक्त स्थानीय कर्मचारियों की भर्ती करेगी.

मुनाफे में 4% की बढ़ोतरी

वीजा चिंताओं को पीछे छोड़ने में कंपनी के वित्तीय नतीजों ने सबसे अहम भूमिका निभाई. सितंबर तिमाही में TCS का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये हो गया, जबकि परिचालन राजस्व 1.3 फीसदी बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन भी 24 फीसदी पर स्थिर रहा है. कंपनी के एआई कारोबार ने लंबी छलांग लगाई है. एआइ्र से कंपनी का सालाना अनुमानित राजस्व बढ़कर 3.1 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. यह कंपनी के कुल जस्व का 10 फीसदी है.

ब्रोकरेज ने टीसीएस को दिया ₹2,630 का टारगेट

मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, शानदार तिमाही प्रदर्शन के बाद ज्यादातर ग्लोबल ब्रोकरेज हाउसेज ने TCS पर भरोसा जताया है. नोमुरा ने कंपनी पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 2,630 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. जेपी मॉर्गन ने 2,300 रुपये के टारगेट के साथ ‘Overweight’ और गोल्डमैन सॉक्‍स ने 2,210 रुपये के लक्ष्य के साथ ‘बाय’ रेटिंग दी है. HSBC और सीएलएसए ने टीसीएस शेयर को ‘Hold’ रेटिंग दी है.

 (Disclaimer: यहां बताए गए स्‍टॉक्‍स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्‍टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)



Source link