Last Updated:
गांव के देसी छोरे का स्टाइल देख हैरान रह जाएंगे. झारखंड के रहने वाले निशांत पेशे से किसान हैं, लेकिन उनका फैशन सेंस इतना जबरदस्त है कि हर कोई उनका ड्रेसिंग सेंस का दीवाना है. उनके तारीफ करने वालों की फहरिस्त में सेलेब्स भी शामिल हैं. उनके खेत में काम करने और स्टाइलिश लुक में दिखाने का एक रील सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ.
निशांत केरकेट्टा. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम Nishant Kerketta)
रांचीः किसानों को अक्सर धोती, कुर्ता पेंट-शर्ट या आम पोशाक में देखा होगा. लेकिन झारखंड के 24 साल के निशांत केरकेट्टा इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज को लेकर छाए हुए हैं. निशांत पेशे से किसान हैं, लेकिन उनका फैशन सेंस किसी मॉडल से कम नहीं. उनके वीडियो खेतों से शुरू होते हैं और देखते ही देखते फैशन शो जैसे नजारे में बदल जाते हैं. यही देसी और स्टाइलिश अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है. सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि सेलेब्रिटीज तक उनके दीवाने हैं.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, निशांत के वीडियो की खासियत उनका अनोखा अंदाज है. शुरुआत में वह खेत में काम करते नजर आते हैं. कभी कीचड़ में पैर डालकर फसल की देखभाल करते हैं, तो कभी खेती के दूसरे काम करते दिखाई देते हैं. इसके बाद अचानक उनका लुक बदलता है और सामने आता है उनका स्टाइलिश अवतार सामने आता है. कभी ब्लू शर्ट के साथ वाइड लेग ट्राउजर, तो कभी सफेद शर्ट, स्ट्राइप वाली टाई और जींस. ब्लैक ओवरकोट और फॉर्मल ब्लेजर में भी उनका अंदाज देखने लायक है. उनके आउटफिट्स और ट्रांसफॉर्मेशन लोगों को ध्यान खींच रहा है.
निशांत की एक वायरल रील को 11.3 मिलियन यानी 1.13 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. वीडियो में वह पहले शॉर्ट्स पहनकर खेत में काम करते दिखते हैं. इसके बाद एक के बाद एक कई स्टाइलिश आउटफिट में नजर आते हैं. हर नए लुक के साथ उनका अंदाज बदल जाता है. उनके वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें मजाकिया अंदाज में ‘ऑरा फार्मर’ भी कह रहे हैं.
बॉलीवुड सितारे भी हुए स्टाइल के मुरीद
निशांत का स्टाइल सिर्फ आम लोगों को ही नहीं, बल्कि फिल्मी सितारों को भी पसंद आ रहा है. 5 अक्टूबर को पोस्ट की गई उनकी एक रील पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने ‘क्या बात है’ लिखकर रिएक्शन दिया. वहीं शिबानी दांडेकर ने उनके स्टाइल की तारीफ की और अनुषा दांडेकर ने भी उनके लुक पर कमेंट किया.
41 हजार फॉलोअर्स
निशांत केरकेट्टा के इंस्टाग्राम पर 41 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उनके वीडियो में खेती, फिटनेस और फैशन का ऐसा मेल दिखता है, जो उन्हें दूसरे क्रिएटर्स से अलग बनाता है. खेतों में काम करने वाला यह युवा अपने अंदाज से बता रहा है कि स्टाइल दिखाने के लिए किसी बड़े शहर या महंगे फैशन स्टूडियो की जरूरत नहीं है. निशांत के लिए खेत रोजी-रोटी और मेहनत की जगह हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वही खेत उनके फैशन का अनोखा मंच बन गए हैं. यही वजह है कि झारखंड के इस देसी छोरे का स्टाइल लोगों को खूब पसंद आ रहा है.