Last Updated:
मध्य प्रदेश के छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना के मजदूरों से भरी बस ढोढ़न बांध के पास पलट गई. यह हादसा देर रात हुआ. बस का ब्रेक फेल होने से हुए हादसे में एक मजदूर की मौत और 13 से 15 मजदूरों के घायल होने की सूचना है. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
केन बेतना परियोजना में काम करने वाले मजदूरों की बस पलट गई.
छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम करने वाले मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई. बमीठा थाना क्षेत्र में ढोढ़न बांध के पास बस का ब्रेक फेल होने के बाद वह अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक मजदूर की मौत होने की सूचना है, जबकि 13 से 15 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. बस में करीब 48 से 50 मजदूर सवार थे. घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया है. जानकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी मजदूर केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम करते हैं. काम खत्म होने के बाद वे घर जाने के लिए बस में सवार हुए थे.
हादसे में घायल ज्यादातर मजदूर बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे के दौरान बस का ब्रेक फेल होने की जानकारी मिलते ही कुछ मजदूर अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से कूद गए. इसके बावजूद एक दर्जन से ज्यादा मजदूर घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है. हालांकि, मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
घायल मजदूर ने बताई आपबीती
दुर्घटना में घायल हुए मजदूर कृष्णा ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के उरई का रहने वाला है और वेल्डिंग का काम करता है. उसने बताया कि बस का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ. कृष्णा के मुताबिक, बस में करीब 50 से 60 लोग सवार थे. उसने अनुमान जताया कि हादसे में 10 से 15 मजदूर घायल हुए होंगे. हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है. फिलहाल हादसे में घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.