उत्तराखंड में सुबह 11 बजे क्या है होने वाला? बज उठेंगे सायरन, मोबाइल पर भी आएगा अलर्ट, जान लें सब


Last Updated:

Earthquake Alert : उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने और राज्य में स्थापित भूकंप से पहले अलर्ट देने वाले सायरन और सेंसरों की टेस्टिंग करने के लिए आज यानी 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राज्य में भूकंप का सायरन बजाया जाएगा.

Top Deals Inside

उत्तराखंड में सुबह 11 बजे क्या होने वाला? बजेंगे सायरन, मोबाइल पर आएगा अलर्टZoom

भूकंप को लेकर आज बजेगा सायरन.

देहरादून : उत्तराखंड में शुक्रवार को सुबह 11 बजे अचानक सायरन बजने लगे, तो घबराने की जरूरत नहीं है. यह किसी असली भूकंप का अलर्ट नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने और भूकंप से पहले चेतावनी देने वाले सिस्टम की जांच के लिए किया जा रहा टेस्ट है. इस दौरान राज्य में लगाए गए सायरन और सेंसर की क्षमता परखी जाएगी. जिन लोगों के मोबाइल में भूदेव ऐप है, उन्हें टेस्ट वार्निंग मैसेज मिलने के साथ फोन में वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज भी सुनाई दे सकती है.

आखिर क्यों बजाया जा रहा सायरन?

उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से संवेदनशील राज्य है. ऐसे में भूकंप आने पर लोगों को समय रहते अलर्ट मिले, इसके लिए राज्य में विशेष चेतावनी प्रणाली लगाई गई है. इसी सिस्टम की जांच करने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे सायरन बजाया जाएगा. सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, इस टेस्ट का मकसद लोगों को सायरन की आवाज से रू-ब-रू कराना है. ताकि भविष्य में जब भूकंप का अलर्ट मिले तो लोग सायरन को पहचान सकें और समय रहते जरूरी सावधानी बरत सकें.

राज्य में लगे हैं 169 सेंसर और 112 सायरन

भूकंप से पहले चेतावनी देने वाले सिस्टम के तहत उत्तराखंड में फिलहाल 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं. शुक्रवार को इनकी टेस्टिंग की जाएगी. इस दौरान अगर किसी जगह सायरन या सिस्टम में तकनीकी खराबी मिलती है, तो उसे ठीक कराया जाएगा. सरकार इस चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की तैयारी भी कर रही है. इसके तहत सेंसर और सायरन की संख्या दोगुनी करने की दिशा में काम किया जा रहा है. योजना के मुताबिक, करीब 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन लगाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं.

मोबाइल पर आएगा मैसेज, बजेगी बीप-बीप की आवाज

अगर आपके मोबाइल में भूदेव ऐप इंस्टॉल है, तो टेस्टिंग के दौरान आपको फोन पर चेतावनी संदेश मिल सकता है. इसके साथ मोबाइल में वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज भी आएगी. इसलिए सायरन या फोन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं. यह पहले से तय टेस्ट का हिस्सा है.

अभी अपने मोबाइल में कर लें ये काम

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन रखें. साथ ही ऐप में लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए चालू रखें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी मिलने में मदद मिल सके. विभाग का कहना है कि इस टेस्टिंग का उद्देश्य चेतावनी प्रणाली को जांचना और लोगों को जागरूक करना है, ताकि किसी वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिल सके.



Source link