अलीगढ़ से आगरा अब सिर्फ 1 घंटे में… ₹3200 करोड़ के नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम शुरू, दिल्ली-NCR और जेवर जाना भी होगा आसान

अलीगढ़ से आगरा अब सिर्फ 1 घंटे में… ₹3200 करोड़ के नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम शुरू, दिल्ली-NCR और जेवर जाना भी होगा आसान


Aligarh-Agra Greenfield Expressway: अलीगढ़ से आगरा का सफर अब जाममुक्त ही नहीं, बल्कि सुपरफास्ट होने जा रहा है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 65 किलोमीटर लंबे फोरलेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण का काम शुरू हो गया है. करीब 3200 करोड़ की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे 2028 तक पूरा हो जाएगा. इसके पूरी तरह तैयार होने के बाद अलीगढ़ और आगरा के बीच सफर का समय घटकर सीधे आधा, यानी करीब 1 घंटा रह जाएगा, जिस सफर में अभी तक 2.5 घंटे बर्बाद होते हैं. इतना ही नहीं, यह एक्सप्रेसवे हाथरस के 48 गांवों से भी गुजरेगा.

2 से ढाई घंटे का सफर अब सिर्फ 60 मिनट में
वर्तमान में अलीगढ़ और आगरा के बीच की दूरी 85 किलोमीटर के टू-लेन हाईवे से तय होती है, जो सासनी, हाथरस और सादाबाद के घने आबादी वाले इलाकों से गुजरता है. इस पुराने मार्ग पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है. जिस वजह से अलीगढ़ से आगरा तक के सफर में 2 से 2.5 घंटे बर्बाद होते हैं. नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे शहरों की भीड़भाड़ से पूरी तरह बाहर खेतों के बीच से निकाला जा रहा है. वाहन इस पर बिना किसी बाधा के तेज गति से दौड़ सकेंगे, जिससे यात्रा का समय घटकर मात्र 1 घंटा रह जाएगा.

क्या होगा पूरा रूट मैप? कहां से गुजरेगा एक्सप्रेसवे
दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, यह एक्सप्रेसवे जिले की सीमा में पड़ियावली और बढ़ौली फत्तेखां से शुरू होकर सासनी कस्बे के बाहर से हाथरस जिले की सीमा में प्रवेश करेगा और फिर आगरा के खंदौली तक जाएगा. यह अलीगढ़-आगरा हाईवे और अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे के बीच के खेतों से होकर निकलेगा. यह एक्सप्रेसवे खंदौली पर यमुना एक्सप्रेसवे और अलीगढ़ में दिल्ली-कानपुर हाईवे को भी जोड़ेगा.

इतना ही नहीं, यह एक्सप्रेसवे अलगीढ़ के 37 गांवों से तो हाथरस जिले के 48 गांवों से होकर गुजरेगा. पहले चरण में हाथरस के असरोई तक करीब 28 किलोमीटर के हिस्से पर काम तेज गति से चल रहा है. यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे आबादी से दूर खेतों में होकर निकाला जाएगा. आते-जाते समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोग हरियाली देखते हुए अच्छे सफर का अनुभव करेंगे.

जानें कहां-कहां जुड़ेगा नया हाईवे?
यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई बड़े हाईवे नेटवर्क को आपस में जोड़ेगा. खबर के मुताबिक, अलीगढ़-आगरा एक्सप्रेसवे हाथरस के पास बरेली-मथुरा हाईवे से भी जुड़ेगा. इतना ही नहीं, यह आगरा में कंदौली के पास सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा. अलगीढ़ में यह दिल्ली-कानपुर हाईवे से जुड़ेगा. इसके अलावा यह क्षेत्र में पहले से मौजूद अलीगढ़-पलवल हाईवे, छतारी-अतरौली-कासगंज स्टेट हाईवे और अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे के नेटवर्क को भी सीधा सपोर्ट देगा. इस तरह बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा के बीच आवागमन पूरी तरह सुगम हो जाएगा.

दिल्ली-एनसीआर और जेवर एयरपोर्ट को बड़ा फायदा
इस एक्सप्रेसवे का सीधा और बड़ा फायदा दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को मिलेगा. खंदौली में यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ाव होने के चलते दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से अलीगढ़-आगरा का ट्रैफिक बिना किसी स्थानीय जाम में फंसे सीधे निकल सकेगा.

  1. अलीगढ़ से दिल्ली-नोएडा की दूरी सिमटकर करीब 2 घंटे की रह जाएगी.
  2. पश्चिमी यूपी के इन जिलों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) तक पहुंचना बेहद आसान और समय बचाने वाला होगा.
  3. हाथरस और अलीगढ़ के कारोबारियों, दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को आगरा आने-जाने में भारी वाहनों के जाम से स्थाई मुक्ति मिलेगी.

कब तक पूरा होगा निर्माण कार्य
परियोजना निदेशक संदीप यादव के अनुसार ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे अगले दो सालो में पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि परियोजना का अंतिम डेडलाइन शेड्यूल दिसंबर 2028 तक का रखा गया है. शुरुआती तौर पर इसे 4-लेन बनाया जा रहा है, लेकिन भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसे 6-लेन एक्सप्रेसवे में तब्दील करने का प्रावधान भी रखा गया है.



Source link