Last Updated:
Pinni Ladoo Recipe: बघेलखंडी अंदाज में बनने वाले खांड के पिन्नी लड्डू स्वाद के साथ सर्दियों में शरीर को ऊर्जा देने वाला देसी विकल्प माने जाते हैं. गोंद, आटा, बेसन, घी और काजू-बादाम से तैयार ये लड्डू कम समय में घर पर आसानी से बनाए जा सकते हैं.
Pinni Ladoo Recipe: अगर घर में अचानक कुछ मीठा खाने का मन हो और बाजार से मिठाई लाने के बजाय कुछ देसी और पौष्टिक बनाना चाहते हैं तो बघेलखंडी अंदाज के खांड वाले पिन्नी के लड्डू एक बढ़िया विकल्प हो सकते हैं. इन लड्डुओं में देसी खांड, आटा, बेसन, घी, गोंद और काजू-बादाम जैसे मेवों का इस्तेमाल किया जाता है जिससे स्वाद के साथ भरपूर ऊर्जा भी मिलती है. खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए किसी खास तैयारी या बहुत ज्यादा समय की जरूरत नहीं पड़ती. घर में रखी सामान्य सामग्री से ही ये लड्डू आसानी से तैयार किए जा सकते हैं. लोकल 18 से बातचीत में स्थानीय निवासी मीना द्विवेदी ने बताया कि बघेलखंड में सर्दियों से पहले ही ठंड की तैयारी शुरू हो जाती है. यहां की स्थानीय महिलाएं घर पर पिन्नी के लड्डू तैयार करती हैं और पूरी ठंड के दौरान इन्हें पावर बूस्टर की तरह खाती हैं. यही वजह है कि इन लड्डुओं का स्वाद सिर्फ मिठास तक सीमित नहीं रहता बल्कि इनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री इन्हें देसी खानपान का खास हिस्सा बनाती है.
पेड़ से मिलने वाला गोंद भी कर सकते हैं इस्तेमाल
इन पिन्नी के लड्डुओं को बनाने में इस्तेमाल होने वाला गोंद बाजार से खरीदा जा सकता है लेकिन अगर घर के आसपास उपलब्ध हो तो पेड़ों से मिलने वाला गोंद इस्तेमाल करना बेहतर रहता है. सबसे पहले कड़ाही को गर्म करके उसमें गोंद डाला जाता है. इसे अच्छी तरह भूनकर अलग निकाल लिया जाता है. इसके बाद इसी कड़ाही में काजू, बादाम और सूखे नारियल का चूरा डालकर हल्का रोस्ट किया जाता है. मेवों को ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं है बस उनकी खुशबू आने और हल्का कुरकुरा होने तक रोस्ट करके अलग रख लें.
घी में भूनें आटा और बेसन
अब कड़ाही में घी डालें और उसमें आटा डालकर अच्छी तरह मिलाते हुए भूनें. आटे को धीमी या मध्यम आंच पर लगातार चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं और अच्छी तरह भुन जाए. दूसरी तरफ एक छोटी कड़ाही या भगोना लें और उसमें एक कटोरी बेसन डालें. बेसन को भी घी के साथ अच्छी तरह रोस्ट करें. जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए तो इसे अलग रखे हुए भुने आटे में डालकर दोनों को अच्छी तरह मिला लें. इस तरह लड्डुओं के लिए बेस मिश्रण तैयार हो जाएगा.
खांड डालकर तैयार करें देसी पंजीरी
अब भुने हुए आटे और बेसन के मिश्रण में देसी खांड डालें. खांड को पूरे मिश्रण में अच्छी तरह मिलाना जरूरी है ताकि लड्डू में मिठास हर जगह बराबर रहे. इसके बाद पहले से भुने हुए गोंद, काजू, बादाम और सूखे नारियल को लें और मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. इन्हें बिल्कुल बारीक पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है क्योंकि दरदरे मेवों से लड्डुओं में अच्छा स्वाद और हल्का क्रंच बना रहता है.
हाथों से गोल आकार देकर बनाएं लड्डू
अब दरदरे पिसे हुए गोंद और ड्राई फ्रूट्स को तैयार आटा-बेसन के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला लें. सभी सामग्री के अच्छी तरह मिल जाने के बाद पिन्नी के लड्डुओं के लिए पंजीरी तैयार हो जाएगी. अब इस तैयार मिश्रण को हाथ में लेकर दबाते हुए गोल आकार दें और धीरे-धीरे लड्डू बना लें. इसी तरह पूरे मिश्रण से लड्डू तैयार किए जा सकते हैं. इस तरह बिना ज्यादा झंझट के घर पर ही बघेलखंडी अंदाज के खांड वाले पिन्नी के लड्डू तैयार हो जाते हैं जिनमें देसी स्वाद के साथ गोंद, घी और मेवों की वजह से सर्दियों के खानपान की पारंपरिक झलक भी मिलती है.