कैश का अंबार देख मंगानी पड़ी नोट गिनने वाली मशीन, बिहार में इंजीनियर के घर रेड; फ्लैट में क्या-क्या मिला?


Last Updated:

Muzaffarpur EOU Raid : मुजफ्फरपुर में योजना एवं विकास विभाग के एक्सक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के ठिकाने पर EOU की छापेमारी में करीब 50 लाख रुपये कैश मिलने की सूचना है. काजी मोहम्मदपुर के राधिका अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई है. EOU की टीम कैश के साथ दस्तावेज और जेवरात की भी जांच कर रही है.

Top Deals Inside

कैश का अंबार देख मंगानी पड़ी नोट गिनने वाली मशीन, बिहार में इंजीनियर के घर रेडZoom

फ्लैट में बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई है.

पटना/मुजफ्फरपुर. बिहार के योजना एवं विकास विभाग के एक्सक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट में EOU की छापेमारी के दौरान करीब 50 लाख रुपये कैश मिलने की सूचना है. बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद मौके पर नोट गिनने की मशीन मंगाई गई है. फिलहाल EOU की टीम बरामद कैश की गिनती और दस्तावेजों की जांच में जुटी है. हालांकि, बरामद 50 लाख रुपये की रकम की आधिकारिक पुष्टि EOU की ओर से अभी नहीं की गई है.

मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में EOU की टीम तलाशी ले रही है. इसी दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि कैश की रकम करीब 50 लाख रुपये है. नोटों की संख्या अधिक होने के कारण उनकी गिनती के लिए मौके पर नोट गिनने वाली मशीन मंगाई गई है. स्थानीय पुलिस भी EOU की टीम के साथ मौके पर मौजूद है. नकदी के अलावा दस्तावेज और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है.

आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी

नारद कुमार दास पर ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर EOU की टीम उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. EOU के अनुसार, नारद कुमार दास पर 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. यह उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है.

5 ठिकानों पर एक साथ EOU की कार्रवाई

EOU की अलग-अलग टीमें नारद कुमार दास के भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर स्थित कुल पांच ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं. इनमें भागलपुर के हनुमान पथ, तिलकामांझी स्थित आवास, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित आवास, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर का सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के राधिका अपार्टमेंट स्थित फ्लैट और पटना के कुसुमपुरम मोहल्ले स्थित आवास शामिल हैं.

कैश के साथ जेवरात और दस्तावेजों की भी जांच

मुजफ्फरपुर में कार्रवाई के दौरान कैश के अलावा जेवरात मिलने की भी जानकारी सामने आई है. जेवरात के वजन के लिए स्थानीय पुलिस एक आभूषण दुकानदार को इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ मौके पर लेकर पहुंची है. EOU की टीम फिलहाल नकदी, जेवरात, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है. 50 लाख रुपये कैश की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि और तलाशी पूरी होने के बाद कुल बरामदगी का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है.



Source link