Last Updated:
Nana Patekar News: बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर का गोवा में निधन हो गया. प्राप्त जानकारी के मुताबिक नाना पाटेकर को बेहोशी के हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया. नाना पाटेकर से जुड़े एक किस्से की बात करें तो उन्होंने यूपी में आकर योगी सरकार के कानून व्यवस्था की जमकर तारीफ की थी.
बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर.
लखनऊः बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर अब इस दुनिया में नहीं रहे. 75 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली है. गोवा के मणिपाल अस्पताल में नाना पाटेकर का निधन हुआ है. हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस की गीत खाकी का सितारा की लॉन्चिंग पर नाना पाटेकर लखनऊ गए थे. उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ की थी. लखनऊ के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि करीब 25 करोड़ की आबादी वाली उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आसान काम नहीं है. इसके लिए मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है.
नाना पाटेकर की सीएम योगी ने की थी तारीफ
नाना पाटेकर ने कहा कि पिछले कई दशकों में उन्होंने उत्तर प्रदेश में काफी बदलाव देखा है. उन्होंने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में पुलिस को आधुनिक संसाधन, नई तकनीक और आत्मविश्वास मिला है. वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी जमकर एक्टर नाना पाटेकर की तारीफ की थी. योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जब नाना पाटेकर किसानों के लिए काम करते हुए उनसे मिलने आए और अपना परिचय दिया, तो उन्होंने हैरानी हुई. उन्होंने कहा, ‘मैं हैरान था. इतना बड़ा एक्टर किसानों के लिए काम कर रहा है, लेकिन ये सच है. ‘ उन्होंने यह भी कहा कि नाना पाटेकर ने सब काम बिना किसी पब्लिसिटी या दिखाने के चुपचाप किया.
हार्ट अटैक के चलते नाना पाटेकर का हुआ निधन
बता दें कि नाना पाटेकर के निधन की खबर मिलने के बाद देश में शोक की लहर दौड़ गई है. हर कोई इस सूचना के मिलने के बाद स्तब्ध है. वहीं नाना पाटेकर के परिजन गोवा के लिए रवाना हो चुके हैं. परिवार की अनुमति मिलने के बाद पुलिस उनका पोस्टमार्टम कराएगी. बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के चलते नाना पाटेकर का निधन हुआ है. गुरुवार सुबह 5.30 बजे नाना पाटेकर को हार्ट अटैक आया था.