Last Updated:
Greater Noida News : गौतम बुद्धनगर में लगातार बढ़ रही प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री के बीच रजिस्ट्री कराने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. संपत्ति पंजीकरण का बढ़ता दबाव कम करने के लिए नए ऑफिस खोलने की तैयारी है. आइए जानते हैं सबकुछ.
रजिस्ट्री के लिए खुलेंगे नए ऑफिस.
नोएडा : नोएडा में कई राज्यों के लोग नौकरी के लिए रहते हैं. यहां रहते-रहते यही शहर उनका घर हो जाता है. ऐसे में गौतमबुद्ध नगर में प्रॉपर्टी का खरीदना या बेचना काफी बढ़ गया है. वहीं इसके साथ रजिस्ट्री कार्यालयों पर भी काम का दबाव बढ़ गया है. मगर, दादरी और ग्रेटर नोएडा में रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को अब लंबी कतार और घंटों के इंतजार से राहत मिल सकती है. कैसे? दरअसल, प्रशासन दादरी और ग्रेटर नोएडा में एक-एक नया उपनिबंधन कार्यालय और अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार की व्यवस्था करने की तैयारी में है.
कब हो सकता है शुरू
दादरी में नए उपनिबंधन कार्यालय को मंजूरी पहले ही मिल चुकी है. इसके अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है. नया कार्यालय खुलने के बाद रजिस्ट्री का काम दो जगह बंट जाएगा. इससे मौजूदा कार्यालय पर काम का दबाव कम होगा और लोगों को अपनी बारी के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
400 तक पहुंचता है आंकड़ा
दादरी उपनिबंधन कार्यालय में सामान्य दिनों में रोजाना करीब 200 से 250 संपत्तियों की रजिस्ट्री होती है. नवरात्रि जैसे शुभ अवसरों पर यह संख्या बढ़कर करीब 400 तक पहुंच जाती है. यहां सिर्फ दादरी ही नहीं, बल्कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जुड़ी कई संपत्तियों की रजिस्ट्री भी होती है. ऐसे में कार्यालय में भीड़ और लोगों के इंतजार की समस्या बढ़ जाती है. नए कार्यालय के शुरू होने से जमीन, प्लॉट, मकान और फ्लैट खरीदने या बेचने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा किसानों, जमीन मालिकों, बिल्डरों और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों का काम भी आसान हो सकता है. रजिस्ट्री का काम अलग-अलग कार्यालयों में बंटने से भीड़ कम करने में मदद मिलेगी.
कहां कितने होंगे 2 सब रजिस्ट्रार?
एआईजी द्वितीय बृजेश सिंह का कहना है कि इसी वित्त वर्ष में दादरी और ग्रेटर नोएडा को एक-एक अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार मिलने की उम्मीद है. इसके बाद दादरी में कुल 3 और ग्रेटर नोएडा में 2 सब रजिस्ट्रार हो सकते हैं. अधिकारियों के कार्यक्षेत्र का भी नए सिरे से बंटवारा किया जाएगा, ताकि अलग-अलग इलाकों की रजिस्ट्री का काम व्यवस्थित तरीके से हो सके. नया कार्यालय और अतिरिक्त अधिकारी आने के बाद रजिस्ट्री कराने वालों को कम भीड़, कम इंतजार और बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है.